नई दिल्ली, DA News | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मीटिंग में केंद्रीय कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. सरकार ने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते (DA) में 2% की बढ़ोतरी का तोहफा दिया है. मोदी सरकार (Modi Govt) द्वारा मार्च महीने में डीए बढ़ोतरी का ऐलान किया गया था. ऐसे में दो महीने का बकाया भी एक साथ जोड़कर मार्च की सैलरी के साथ दिया जाएगा.
2 फीसदी बढ़ोतरी की सौगात
सरकार ने इस बार DA में 2% की बढ़ोतरी की है. इस बढ़ोतरी के बाद सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 53% से बढ़कर 55% हो गया है. यह बढ़ोतरी ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) के जुलाई- दिसंबर 2024 के आंकड़ों के आधार पर की गई है. बता दें कि महंगाई भत्ते की नई दरें जनवरी से जून छमाही और फिर जुलाई से दिसंबर छमाही के लिए लागू होती है.
सरकार द्वारा घोषित महंगाई भत्ते का लाभ केवल सरकारी कर्मचारियों और पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग्स यानि सरकारी कंपनियों में काम करने वालों को मिलता है. इसमें प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले लोगों को फायदा नहीं मिलता है.
क्या होता है DA?
महंगाई भत्ता (DA) सरकारी कर्मचारियों को दी जाने वाली एक राशि है, जो बढ़ती महंगाई के हिसाब से उनके मूल वेतन को समायोजित करने के लिए दी जाती है. मूल वेतन हर 10 साल के बाद वेतन आयोग में तय किया जाता है, लेकिन डीए कर्मचारियों के वेतन में समय- समय पर बढ़ोतरी सुनिश्चित करता है.
