भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) भिवानी की कक्षा 10वीं व 12वीं की परीक्षाएं समाप्त हो गई है. शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. पवन कुमार व सचिव डा. मुनीष नागपाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इन परीक्षाओं में कुल 599 नकल के मामले दर्ज किए गए हैं. कुल 74 लोगों के खिलाफ 16 एफआईआर दर्ज की गई है.
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. पवन कुमार ने बताया कि 2 अप्रैल से 10वीं कक्षा तथा 4 अप्रैल से 12वीं कक्षा के प्रश्नपत्रों का मूल्यांकन शुरू हो जाएगा. इन परीक्षाओं में 5 लाख 16 हजार परीक्षार्थियों ने 1434 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं दी थी. अब इन परीक्षाओं के मूल्यांकन के कुल 126 सेंटर बनाए गए है, जिनमें से 10वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए 78 तथा 12वीं कक्षा के लिए 48 परीक्षा केंद्र बनाए है.
कमेटी करेगी जांच
बोर्ड चेयरमैन डा. पवन कुमार व सचिव डा. मुनीष नागपाल ने बताया कि 10वीं कक्षा के गणित के पेपर में प्रश्न बाहर से आने को लेकर जांच कमेटी बैठाई गई है, जिसकी अभी जांच पूरी नहीं हुई है. जांच पूरी होने के बाद 10वीं के गणित के पेपर में ग्रेस मार्क दिए जाए या नहीं, इस पर निर्णय लिया जाएगा.
CET के लिए बोर्ड तैयार
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा यदि उन्हें कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) एग्जाम करवाने के आदेश दिए जाते है, तो बोर्ड इसके लिए पूर्णतया तैयार है क्योंकि अध्यापक पात्रता परीक्षा करवाने का बोर्ड का लंबा अनुभव रहा है. उन्होंने जल्द ही हरियाणा में हरियाणा पात्रता परीक्षा (HTET) करवाए जाने की बात भी कही.
डा. पवन कुमार ने एक सवाल के जवाब में कहा कि प्रश्न पत्रों का मूल्यांकन ऑनलाइन माध्यम से अबकी बार नहीं किया जाएगा, बल्कि ऑफलाइन उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जाएगी क्योंकि ऑनलाइन माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं की जांच में प्रति उत्तर पुस्तिका में 35 रुपए अतिरिक्त खर्च होते है. इससे प्रति वर्ष 12 करोड़ रूपए अतिरिक्त खर्च हो रहा था. उन्होंने बताया कि 15 मई तक रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा.
