कुरूक्षेत्र | हरियाणा में सरसों उत्पादक किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सीएम नायब सैनी (Nayab Saini) ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि रेवाड़ी, नारनौल और कुरूक्षेत्र में ऑयल मिल्स खोली जाएगी, जिससे किसानों को बड़े स्तर पर फायदा पहुंचेगा. सीएम ने कहा कि कुरूक्षेत्र में बड़ी ऑयल मिल और रेवाड़ी तथा नारनौल में एशिया की सबसे बड़ी ऑयल मिल लगाने की परियोजना तैयार की गई है.
किसानों को मिलेगा फायदा
सीएम नायब सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश के सरसों उत्पादक किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए रेवाड़ी, नारनौल और कुरूक्षेत्र में ऑयल मिल्स लगाने की परियोजना तैयार की हैं. उन्होंने बताया कि इस परियोजना को जल्द ही क्रियान्वित किया जाएगा और ये सुनिश्चित किया जाएगा कि इन किसानों की फसल न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी जाए.
मुख्यमंत्री नायब सैनी रविवार को कुरूक्षेत्र जिले के गांव समानी में ग्राम पंचायत द्वारा आयोजित एक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे थे, जहां लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के लिए इक्कठा हुए थे. इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां किसानों की सभी फसलों को MSP पर खरीदा जा रहा है.
किसानों के लिए बड़ी सौगात
सीएम नायब सैनी की ये घोषणा सरसों उत्पादक किसानों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है, क्योंकि ऑयल मिल्स के खुल जाने से उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी और अपने जिले में ही फसल का अच्छा- खासा भाव मिल जाएगा. ऑयल मिल्स खुलने से कई लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
