नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार ने लोगों को महंगाई का झटका दिया है. बता दें कि दिल्ली में 1 अप्रैल यानि आज से सीवर और पानी का नया कनेक्शन लेना महंगा हो जाएगा. दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने सीवर और पानी कनेक्शन लेने पर लगने वाले इंफ्रास्ट्रक्चर चार्ज की दरों में बढ़ोतरी कर दी है.
यह होंगी नई दरें
A, B और C श्रेणी की कालोनियों में रहने वाले लोगों पर इन्फ्रास्ट्रक्चर शुल्क का बोझ D से H श्रेणी की कालोनियों में रहने वाले लोगों की अपेक्षा ज्यादा पड़ेगा. रिहायशी इलाकों में पानी का कनेक्शन लेने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर शुल्क की नई दरें आज से 255.27 रूपए प्रति वर्ग फुट होगी जबकि पहले यह 243.11 रूपए प्रति वर्ग फुट थी. यानि इसमें 12 रूपए से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है.
रिहायशी और व्यवसायिक भवनों पर लागू
सीवर कनेक्शन लेने पर लगने वाला इन्फ्रास्ट्रक्चर शुल्क आज से 153.16 रूपए प्रति वर्ग फुट होगा, जबकि पहले यह 145.87 रूपए प्रति वर्ग फुट था. यानि इसमें भी 8 रूपए के आसपास बढ़ोतरी हुई है. दिल्ली जल बोर्ड के इस फैसले के बाद राजस्व विभाग की ओर से रिहायशी भवनों के साथ- साथ व्यवसायिक भवनों के लिए भी नई दरें निर्धारित कर आदेश जारी कर दिए गए हैं.
