गुरुग्राम | हरियाणा में किसानों (Kisan) के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि प्रदेश में 1 अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है. वहीं, सरकार ने किसानों को तोहफा देते हुए गेहूं के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में 150 रूपए की बढ़ोतरी कर दी है. किसानों से 2425 रूपए प्रति क्विंटल MSP पर गेहूं खरीदी जाएगी.
5 मंडियों में होगी खरीद
खुले बाजार में गेहूं की फसल आने के साथ ही भाव में गिरावट दर्ज हुई है. ऐसी स्थिति में किसानों का रुझान अपना गेहूं मंडी में लाकर बेचने की तरफ बढ़ रहा है. गुरुग्राम जिले की बात करें तो यहां गेहूं की सरकारी खरीद के लिए जिले में 5 मंडी पटौदी, फरुखनगर, सोहना, गुरुग्राम और खोड़ तय की है. जिले में गेहूं की पैदावार 18 से 19 लाख क्विंटल होने का अनुमान जताया गया है.
सरसों की सरकारी खरीद 15 मार्च से चल रही है. उसके लिए मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है. अब गेहूं की खरीदारी भी शुरू की गई है. मंडियों में किसानों के लिए सफाई, पीने के पानी की व्यवस्था, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट के अलावा हेल्प डेस्क सरकारी खरीद के लिए स्थापित किए गए है. किसान भाइयों से अपील है कि वो अपनी फसल सुखाकर मंडी में लाएं, जिससे खरीद एजेंसी को कोई दिक्कत न हो- विनय यादव, जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड
इन्हीं किसानों को मिलेगा MSP का लाभ
विनय यादव ने बताया कि मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने वाले किसानों को ही न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिलेगा. फसल बिक्री के 72 घंटे के अंदर किसानों की उपज का पैसा DBT के माध्यम से सीधा बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिया जाएगा.
