गुरुग्राम | NCR क्षेत्र में श्रमिकों और मजदूरों के लिए एक अच्छी खबर है. बता दें कि गुरुग्राम जिले के इंडस्ट्रियल एरिया में 25 नई अटल श्रमिक कैंटीन शुरू की जाएगी. हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC) की ओर से सभी औद्योगिक क्षेत्रों में सब्सिडी वाली खाद्य कैंटीन स्थापित की जाएगी.
नाममात्र दर पर मिलेगा पौष्टिक भोजन
प्रदेश सरकार की ओर से प्रस्ताव दिया गया है कि इन कैंटीनों का बुनियादी ढांचा कंपनियों की कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) पहलों के माध्यम से विकसित किया जाए. कई बड़ी कंपनियों ने इस पहल में रूचि दिखाई है. इसके लिए HSIIDC ने उद्योग विहार के छह फेज, मानेसर, सेक्टर 18 व 37 में अपने सभी इंडस्ट्रियल एस्टेटों में कैंटीन स्थापित करने के लिए जमीन चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया हैं ताकि औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों को सस्ती दरों पर पौष्टिक भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.
गुरुग्राम जिले में अंत्योदय आहार योजना के तहत श्रम विभाग की ओर से अभी 6 कैंटीन का संचालन किया जा रहा है. इसमें राजीव चौक, सेक्टर- 5, वजीराबाद, सेक्टर- 9A ईएसआई अस्पताल और उद्योग विहार एरिया में शामिल है. खांडसा रोड पर स्थायी भवन में चलता है, जबकि बाकी 5 स्थानों पर मोबाइल किचन के जरिए कैंटीन संचालित हो रही है. यहां श्रमिकों और मजदूरों को मात्र 10 रुपए में भरपेट भोजन का आनंद मिलता है.
लंबे समय से मांग
गुरुग्राम उद्योग एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण यादव ने बताया कि देर से ही सही, परंतु प्रदेश सरकार ने जरूरतमंद लोगों को नाममात्र दर पर पौष्टिक भोजन की सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला लिया है. उन्होंने कहा कि बाहर ढाबों या रेहड़ी पर खाना बहुत महंगा पड़ता है. वहीं, उद्योग क्षेत्रफल के हिसाब से वर्तमान में कैंटीन की संख्या बहुत कम है. ऐसे में 25 नई कैंटीन स्थापित होने से औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों और श्रमिकों को बड़े स्तर पर राहत पहुंचेगी और उन्हें मात्र 10 रुपए में पौष्टिक भोजन की सुविधा मिलेगी.
