गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम में नमो भारत ट्रेन (Namo Bharat Train) के संचालन को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. यहां ट्रेन दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर हीरो होंडा चौक के नजदीक से गुजरने वाले बादशाहपुर बरसाती नाले के नीचे से निकलेगी. राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने इस संबंध में गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) से बरसाती नाले से जुड़ी जानकारियां हासिल की है.
7 मीटर गहराई में बनेगी सुरंग
GMDA द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया है कि इस बरसाती नाले की गहराई लगभग 5 मीटर हैं. ऐसे में नमो भारत ट्रेन को भूमिगत निकालने के लिए करीब 7 मीटर गहराई में सुरंग का निर्माण करना होगा. गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड स्थित गांव घाटा से बादशाहपुर निकलने वाला यह बरसाती नाला गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से होते हुए खांडसा में आकर मिलता है. यहां से सेक्टर-37C और D से गुजरते हुए गांव बसई की तरफ चला जाता है.
8 जगहों पर बनेंगे स्टेशन
NCRTC की मौजूदा योजना के तहत हीरो होंडा चौक पर भूमिगत स्टेशन का निर्माण किया जाएगा. हीरो कंपनी के समीप हरित क्षेत्र में इस स्टेशन के निर्माण की योजना है, जिसके लिए सौ के आसपास पेड़ों को काटा जाएगा.
नमो भारत ट्रेन की संचालन योजना को हरियाणा सरकार अपनी मंजूरी प्रदान कर चुकी हैं, लेकिन अभी केंद्र सरकार की मंजूरी का इंतजार है. दिल्ली के सराय काले खां से लेकर धारूहेड़ा तक नमो भारत को चलाने की योजना है. दिल्ली में 4 स्टेशन इसके तहत बनाए जाएंगे, जबकि गुरुग्राम में 8 स्टेशन होंगे. ये स्टेशन साइबर सिटी, इफको चौक, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़की दौला, मानेसर, पचगांव और बिलासपुर चौक पर होंगे.
