नई दिल्ली | देश की राजधानी दिल्ली में काम कर रहे कांट्रैक्ट वर्कर्स के लिए एक खुशखबरी है. दिल्ली परिवहन निगम (DTC) में कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर काम कर रहे लगभग 25 हजार कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स की सैलरी में जल्द इज़ाफ़ा हो सकता है. डीटीसी की तरफ से एक आरटीआई के जवाब में यह जानकारी दी गयी है.
RTI में मिला जवाब
डीटीसी अधिकारियों ने एक कर्मचारी की तरफ से दाखिल की गई आरटीआई के जवाब में सूचना दी है कि कर्मचारियों का बेसिक, ग्रेड पे और डीए बढ़ाने का मामला विचाराधीन है. हालांकि, एक से डेढ़ दशक पुराने कर्मचारियों को स्थायी किए जाने पर डीटीसी ने साफ मना कर दिया है. अधिकारियों का कहना है कि संविदा कर्मचारियों को स्थायी किए जाने के मामले पर कोई विचार नहीं चल रहा है.
DTC मुख्यालय पर दें चुके धरना
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन ने अपनी मांगों के लिए कई बार डीटीसी मुख्यालय पर धरना दिया था. आचार संहिता लागू होने से पहले तत्कालीन सरकार ने कर्मचारियों की वेतन बढ़ाने की मांग को सैद्धांतिक सहमति देकर फाइल रेडी की थी. दिल्ली में रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार निरंतर घाटे में चल रही डीटीसी की दशा सुधारने के लिए तमाम प्रयास कर रही है.
आप पर लगाया डीटीसी को बर्बाद करने का आरोप
दिल्ली की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पहले की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर डीटीसी को पूरी तरह से बर्बाद करने का आरोप लगाया था. वार्ता के अनुसार, सीएम ने डीटीसी से जुड़ी कैग रिपोर्ट पर दिल्ली विधानसभा में कहा था कि ‘आप’ की सरकार ने डीटीसी को बहुत ही बुरी स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया है.
‘आप’ सरकार ने दिल्ली की ट्रांसपोर्ट जरूरत को पूरा करने वाली डीटीसी को नुकसान में पहुंचाने का काम किया है. उनका कहना है कि पहले की सरकार काम नहीं करना चाहती थी. दिल्ली में 814 रूट बनते थे, मगर उन पर बसें नहीं चलती थी, सिर्फ 400 रूट पर बसें चलीं.
