भिवानी | उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए सौरभ राजपूत हत्याकांड की तर्ज पर हरियाणा (Haryana) में भी ऐसा ही दर्दनाक घटनाक्रम देखने को मिला है. यहां एक महिला पर रील बनाना का शौक इस कदर चढ़ा कि उसने ऐसा करने से रोकने वाले अपनी पति को अपने प्रेमी के साथ मिलकर रास्ते से हटा दिया. इससे पहले पति ने अपने घर में ही महिला को उसके प्रेमी के साथ गलत हालत में देख लिया था. महिला ने अपने पति की दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी और अपने बॉयफ्रेंड के साथ उसकी लाश को ठिकाने लगा दिया.
परिवार को भी थी आपत्ति
मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के भिवानी जिले की रहने वाली रवीना के रील बनाने के शौक पर पति समेत बाकी परिवार को भी आपत्ति थी. उन्होंने कई बार उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी. एक बार उस महिला के पति ने उसे अपने प्रेमी के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देख लिया था. इसके बाद, महिला ने उसे अपने रास्ते से हटाने की ठानी और इस हत्याकांड को अंजाम देकर पति की लाश को ठिकाने लगा दिया.
रवीना और सुरेश की मुलाकात
सोशल मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी की रवीना की शादी भिवानी के प्रवीण से हुई थी. 35 वर्षीय प्रवीण पुराना बस स्टैंड क्षेत्र गुर्जरों की ढाणी का रहने वाला था. रवीना सोशल मीडिया पर रील्स के जरिये काफी एक्टिव रहती थी. उसके इंस्टाग्राम पर 30,000 से ज्यादा फॉलोअर्स बताएं जाते हैं.
रील बनाने के उसके शौक के दौरान उसकी मुलाकात प्रेम नगर हांसी के रहने वाले यूट्यूबर सुरेश से हुई. दोनों एक दूसरे के साथ काफी लंबे समय तक संपर्क में रहे. 25 मार्च को प्रवीण ने दोनों को घर में ही आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ लिया, जिसके बाद तीनों के बीच झगड़ा हुआ. रवीना और सुरेश ने प्रवीण का गला दुपट्टे से दबाकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
रात को लगाया लाश को ठिकाने
घर वालों ने जब उससे प्रवीण के बारे में पूछा तो उसने कुछ भी जानकारी होने से मना कर दिया. जब परिवार के सभी लोग सोने चले गए तब रात ढाई बजे उसने सुरेश के साथ बाइक पर बैठ कर लाश को ठिकाने लगा दिया. बाइक पर बैठे हुए तीनों की फुटेज सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें नजर आ रहा है कि दोनों ने प्रवीण की लाश को बीच में रखा हुआ है. चालक सुरेश हेलमेट लगाए हुए और रवीना ने अपना चेहरा ढका हुआ है. बीच में लाश को रखा हुआ है.
नाले में बहा दी लाश
दोनों वापस उसी गली से 2 घंटे के बाद वापस आते हैं, लेकिन जो शख्स बीच में बैठा दिखाई दे रहा था वह अब नहीं था. बाइक चलाने वाला और उसके पीछे बैठी रवीना भी दिखाई दे रही थी. बाद में जांच पर पता लगा कि दोनों ने अपने घर से करीब 6 किलोमीटर दूर दिनोद रोड स्थित नाले में प्रवीण की लाश को बहा दिया. 28 मार्च को पुलिस ने प्रवीण की गली सड़ी लाश को भी बरामद कर लिया. मिली जानकारी के अनुसार, पति की हत्या करने के बाद भी वह सामान्य ही नजर आ रही थी. उसके चेहरे पर कोई पश्चाताप नजर नहीं आ रहा था.
