धौला कुआं- गुरुग्राम रूट पर ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा, NHAI ने शुरू किया काम

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली- NCR में ट्रैफिक संचालन को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में धौला कुआं से गुरुग्राम जाने वाले NH- 48 पर ट्रैफिक जाम को खत्म करने के लिए 3 चरणों में काम करने की योजना बनाई गई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस व नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अधिकारियों ने संयुक्त बैठक के बाद यह फैसला लिया है.

traffic jam

3 चरणों में होगा समाधान

NHAI की योजना के तहत, पहले चरण में शंकर विहार में NH- 48 हाइवे से सर्विस लेन में जाने एवं बाहर निकलने वाले रास्ते को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. इससे सर्विस लेन में जाम की समस्या कम हो गई है. इन बदलावों को लेकर जल्द ही साइनेज बोर्ड भी लगाएं जाएंगे.

नई दिल्ली ट्रैफिक डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि NH- 48 पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर बीते दिनों अध्ययन किया गया है जिसमें सामने आया है कि शंकर विहार, महिपालपुर चौक और टेल्को चौक पर तीन स्थानों पर वाहन हाइवे से बाहर निकलते हैं. वहीं, हाइवे पर एंट्री करते हैं. इस समस्या को चिन्हित करने के बाद बैठक आयोजित की गई थी. इसमें तय किया गया कि 3 अलग- अलग चरणों में इस समस्या का समाधान किया जाएगा.

दूसरे चरण का काम जल्द पूरा

टेल्को रोड पर प्रवेश एवं बाहर निकलने के रास्तों को अलग किया जाएगा. यहां टनल बनाने का काम चल रहा है. अभी यहां हाइवे में प्रवेश एवं बाहर निकलने का रास्ता एक ही है. मौजूदा जगह पर हाइवे में प्रवेश का रास्ता रहेगा और इससे कुछ दूर आगे हाइवे से बाहर निकलने का रास्ता बनाया जाएगा. इससे तीनों ही जगह क्रॉस ट्रैफिक की समस्या खत्म हो जाएगी और यह कार्य अगले सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़े -  दिल्ली में ट्रैफिक जाम खत्म करने के लिए शुरू होगी नई व्यवस्था, घनत्व के आधार पर रंग बदलेगी बत्ती

इस तारीख तक होगा तीसरे चरण का काम

तीसरे चरण में शंकर विहार पर बंद किए गए रास्ते से 500 मीटर आगे हाइवे से सर्विस लेन में जाने का रास्ता बनाया जाएगा. वहीं, लोहिया होटल के पास बाहर निकलने वाले रास्ते को बंद कर उससे 200 मीटर पहले हाइवे पर एंट्री का रास्ता बनाया जाएगा. इससे दोनों ही जगहों पर हाइवे पर आने एवं बाहर निकलने के रास्ते अलग- अलग हो जाएंगे. इससे बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा और इस काम को जून तक पूरा कर लिया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.