नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में आज से दिल्ली इलेक्ट्रिकल व्हीकल इंटरचेंज (DEVI) पहल के तहत 76 इलेक्ट्रिक बसों का पहला जत्था गाजीपुर डिपो से संचालित होगा. परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस पहल का मकसद मेट्रो स्टेशनों और DTC बस रूट्स के लिए फीडर कनेक्टिविटी को मजबूत करना है. इसके तहत, प्रत्येक बस एक बार में 12 किलोमीटर की दूरी तय करेगी.
इन रूट्स पर दौड़ेगी ‘देवी’ बसें
- आनंद विहार आईएसबीटी टर्मिनल और केशव नगर मुक्ति आश्रम के बीच 8 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होगा.
- सीमापुरी- पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के रास्ते 6 बसें आवागमन करेगी.
- मयूर विहार फेज- 3 पेपर मार्केट और मोरी गेट टर्मिनल के बीच कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए 10 बसें संचालित होगी.
- आनंद विहार आईएसबीटी टर्मिनल और स्वरूप नगर के बीच आवागमन सुगम बनाने के लिए 8 बसें संचालित होगी.
- आनंद विहार आईएसबीटी- हमदर्द नगर और संगम विहार मार्ग पर 6 बसों का संचालन किया जाएगा.
- आनंद विहार आईएसबीटी- कापसहेड़ा बार्डर रूट पर 14 बसें संचालित होगी.
लोगों का सफर होगा आसान
दिल्ली की बीजेपी सरकार में पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि मंगलवार का दिन दिल्ली की जनता के लिए बहुत खास रहने वाला है. दिल्ली सरकार नई इलेक्ट्रिक बसों को लांच कर रही है, जिन्हें ‘देवी’ नाम दिया गया है. उन्होंने बताया कि पूर्व की आम आदमी पार्टी सरकार के तहत मोहल्ला बस सेवा के रूप में जानी जाने वाली इस परियोजना को बीजेपी प्रशासन ने बुनियादी ढांचे में सुधार के साथ फिर से लांच किया है. इस पहल का मकसद दिल्ली में यात्रा के अनुभव में सुधार करना है.
