गुरुग्राम | दिल्ली- हरियाणा के बीच आवागमन करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि साईबर सिटी गुरुग्राम में मेट्रो का विस्तार होने जा रहा है. गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने शहर में नई मेट्रो लाइन के पहले चरण का काम शुरू करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है.
एलिवेटेड बिछेगी मेट्रो लाइन
टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही उम्मीद जताई जा रही है कि मई महीने में ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने का काम शुरू हो जाएगा. यह रूट पूरी तरह से एलिवेटेड होगा. यानि मेट्रो लाइन सड़क के ऊपर से गुजरेगी. इससे ट्रैफिक संचालन भी सुचारू रूप से जारी रहेगा और लोगों को तेज और सुरक्षित परिवहन का एक और विकल्प मिलेगा.
GMRL के एक अधिकारी ने बताया कि अप्रैल में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर खोलकर सफल बोलीदाता को निर्माण कार्य सौंप दिया जाएगा. इस नई मेट्रो लाइन के बिछने से गुरुग्राम से काम के लिए दिल्ली आवाजाही करने को बड़े स्तर पर सुविधा मिलेगी. वहीं, यह नई मेट्रो लाइन हरियाणा के कुछ और इलाकों को भी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी. इससे व्यवसायिक क्षेत्र में भी बढ़ोतरी होने की संभावना बनेगी.
इन जगहों पर बनेंगे स्टेशन
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत हुड्डा सिटी सेंटर से लेकर सेक्टर- 9 तक कुल 15.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड ट्रैक बिछाया जाएगा. इसके साथ ही, इस मार्ग पर कुल 14 एलिवेटेड स्टेशन भी विकसित किए जाएंगे. इस मेट्रो लाइन पर सेक्टर- 9, सेक्टर- 10, सेक्टर- 33, सेक्टर- 37, सेक्टर- 45, सेक्टर- 46 (साइबर पार्क), सेक्टर- 47, सुभाष चौक, सेक्टर- 48, हीरो होंडा चौक, उद्योग विहार 6 और बसई में स्टेशन का निर्माण किया जाएगा.
