गुरुग्राम | दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) पर गुरुग्राम में ट्रैफिक संचालन को सुचारू रूप से जारी रखने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में साईबर सिटी के पास शंकर चौक पर ट्रैफिक जाम के झंझट को जड़ से खत्म करने के लिए ट्रैफिक पुलिस और अन्य संबंधित विभागों ने ट्रैफिक डायवर्ट करने की योजना बनाई है. इसको लेकर इस सप्ताह से ट्रायल होगा. ट्रायल सफल रहा तो इसे नियमित लागू कर दिया जाएगा.
सोमवार को ट्रैफिक पुलिस, GMDA और आईआरटीई इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों ने शंकर चौक के पास मौका मुआयना किया. वहां पर मौजूद कट, यू- टर्न, सर्विस लेन सहित सड़कों व अन्य रास्तों का निरीक्षण किया. इसके बाद, बैठक कर ट्रैफिक जाम ख़त्म करने को लेकर सभी अधिकारियों ने अपने- अपने सुझाव दिए. सुझाव के बाद ट्रैफिक डायवर्जन की योजना बनाई गई है.
इस तरह होगा ट्रैफिक ट्रायल
- साइबर सिटी गोल्फ कोर्स रोड से आने वाले वाहन चालक वापस साइबर सिटी गोल्फ कोर्स रोड पर जाने के लिए शंकर चौक पर बने पहले यू- टर्न का इस्तेमाल करेंगे.
- जयपुर की ओर (इफको चौक) से आने वाले वाहन चालक वापस जयपुर (इफको चौक) की ओर जाने के लिए शंकर चौक पर बने दूसरे यू- टर्न का इस्तेमाल करेंगे.
- डूंडाहेड़ा की ओर से आने वाले वाहन चालकों को वापस जयपुर (इफको चौक) की ओर तथा साइबर सिटी गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर जाना है, तो एंबिएंस माल अंडरपास यू- टर्न का इस्तेमाल करेंगे.
ट्रैफिक जाम से छुटकारा
गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी के एक अधिकारी ने बताया कि वाहन चालकों की सुविधा को देखते हुए शंकर चौक पर जल्द ही ट्रायल किया जाएगा. यदि ट्रायल सफल रहा, तो इसको पूर्ण रूप से लागू किया जाएगा. इससे यहां रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी.
