दिल्ली के स्कूलों में हीट वेव को लेकर नई गाइडलाइन जारी, इन नियमों का करना होगा पालन

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली (Delhi) समेत कई राज्यों में तापमान हर रोज नए रिकॉर्ड बना रहा है. गर्मी का आलम यह है कि घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो चुका है. ऐसे मौसम में विद्यार्थी स्कूल जाने को मजबूर हैं. दोपहर के समय जब विद्यार्थी घर में पहुंचते हैं, तब उनकी हालत देखने लायक हो जाती है. इसी बात को देखते हुए शिक्षा निदेशालय द्वारा राजधानी के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है. इससे पहले 27 मार्च 2025 को विभाग द्वारा सर्कुलर जारी किया गया था. अब दोबारा से जारी किए गए निर्देश पहले वाले का ही विस्तार हैं.

FotoJet 24

लागू हुए सख्त नियम

मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, 25 अप्रैल का दिन सीजन का सबसे ज्यादा गर्म दिन रहा. साल 2023, 2024 और 2025 में अप्रैल के महीने का यह सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया है. गर्मी का आलम यह है कि राजधानी के कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है. ऐसे में यहाँ के स्कूलों के लिए शिक्षा विभाग द्वारा नई गाइडलाइन जारी की गई है. सभी विद्यालयों को इन नियमों का पालन करना होगा.

अस्पताल में रिपोर्टिंग जरूरी

  • गर्मी के कारण स्कूलों में होने वाली दोपहर की छात्र असेंबली को बंद किया गया है.
  • जब तक मौसम ठीक नहीं हो जाता, तब तक स्कूलों में होने वाली सभी आउटडोर एक्टिविटीज को बंद किया गया है.
  • विद्यार्थियों को पीने के साफ पानी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं.
  • जारी निर्देशों में कहा गया है कि विद्यालयों में आरओ सिस्टम और वाटर कूलर सुचारू रूप से संचालित होने चाहिए.
  • कक्षाओं में पंखे सही रूप से काम करते हों और क्लासेस में हवा आने-जाने की समुचित व्यवस्था हो.
  • विद्यार्थियों को पानी पीने के लिए निर्धारित समय पर ब्रेक दिए जाएं.
  • फायर एक्सटिंग्विशर वर्किंग कंडीशन में होने चाहिए.
  • विद्यालय में विद्यार्थियों को धूप से बचने के लिए टोपी, छत या अन्य चीजों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए.
  • कोई भी विद्यार्थी, अभिभावक या स्टाफ खुली धूप में ना बैठे.
  • यदि विद्यालय को किसी विद्यार्थी की गर्मी से संबंधित किसी बीमारी का पता चलता है तो ऐसे में तुरंत ओआरएस देकर प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया जाना चाहिए.
  • इस प्रकार के मामले पाए जाने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में रिपोर्टिंग करनी जरूरी होगी.
  • साफ- सफाई से जुड़े सभी उपायों का सख्ती से पालन किया जाना जरूरी रहेगा.
यह भी पढ़े -  दिल्ली के इन रेलवे स्टेशनों के बदल जाएंगे नाम, भारतीय रेलवे कर रहा बड़ा प्लान तैयार; यात्रियों को होगा यह फायदा
Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts