अंबाला | अबकी बार हरियाणा में अप्रैल के महीने की शुरुआत से ही गर्मी अपना रौद्र रूप दिखाए हुए हैं. इंसान हो या जानवर सभी कोई गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं. स्कूली विद्यार्थियों के लिए तो गर्मी और ज्यादा परेशानी भरी साबित हो रही है. ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें भीषण गर्मी में दोपहर को स्कूल से घर वापस आना पड़ता है. उससे पहले स्कूल में बच्चों से भरी क्लास में उन्हें बैठना पड़ता है. इसके अलावा, स्कूल द्वारा निर्धारित किए गए नियमों को भी उन्हें मनाना पड़ता है.

स्कूलों में नए नियम लागू
भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूल प्रशासन भी मुस्तैद नजर आ रहा है. शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेशों के बाद अब अंबाला के सभी स्कूलों में नए परिवर्तन लागू किए गए हैं, जिनके तहत विद्यालयों में थोड़ी- थोड़ी देर के बाद पीने के पानी के लिए रिमाइंडर बेल बजाई जाएगी. इस दौरान बच्चों को पीने के पानी के लिए याद दिलाया जाएगा. इससे बच्चों को गर्मी से तो राहत मिलेगी. साथ ही, उनके शरीर में डिहाइड्रेशन की समस्या भी नहीं रहेगी.
बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क
जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने जानकारी दी कि गर्मी के बढ़ते प्रकोप के चलते अंबाला जिले के सभी स्कूलों में रिमाइंडर बेल बजाने के आदेश जारी किए गए हैं. इससे बच्चे थोड़ी- थोड़ी देर बाद पानी पी सकेंगे. उन्होंने कहा कि इस विषय में विभाग द्वारा मीटिंग का आयोजन किया गया था और सभी स्कूलों को इस विषय में आदेश भेजे गए हैं. इसके अलावा, सभी विद्यार्थी खुद भी अपना ध्यान रखें. इसके लिए उन्हें प्रेरित किया जाएगा.
शिक्षा विभाग द्वारा आदेश जारी किए गए हैं कि सुबह की प्रार्थना छाया वाले स्थान पर करवाई जाए, क्योंकि सुबह काफी ज्यादा धूप हो जाती है. ऐसे में बच्चे बीमार होने का खतरा बढ़ जाता है. गर्मियों की छुट्टियों के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि जब भी सरकार को उचित लगेगा वह छुट्टियों के बारे में फैसला करेगी.