हरियाणा के 3 शहरों में इंक्यूबेशन सेंटर खोलेगी सरकार, युवाओं को मिलेंगे तगड़े फायदे

चंडीगढ़ | हरियाणा में उन युवाओं के लिए अच्छी खबर है, जो खुद का उद्यम या स्टार्टअप शुरू करना चाहते हैं. ऐसे युवाओं को सरकार रियायती दरों पर स्पेस (जगह) उपलब्ध करवाएगी. इसके लिए प्रदेश में इंक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे. पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पहले चरण में प्रदेश के 3 शहरों गुरुग्राम, मानेसर और फरीदाबाद में इस सुविधा की शुरुआत होगी.

CM Nayab Singh Saini

CM के सामने रखा जाएगा ड्राफ्ट

हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (HSIIDC) ने इसके लिए जगह चिह्नित कर ली है. अधिकारियों द्वारा जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सैनी के सामने इनक्यूबेशन सेंटर का पूरा ड्राफ्ट रखा जाएगा. उनकी मंजूरी मिलने के बाद इन पर काम शुरू हो जाएगा. तीनों शहरों में ये प्रोजेक्ट अगर कामयाब होते हैं, तो फिर सोनीपत, पानीपत सहित अन्य औद्योगिक शहरों में भी युवाओं को यह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी.

मुख्यमंत्री ने की थी घोषणा

बतौर वित्त मंत्री बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित करने की घोषणा की थी. इनक्यूबेशन सेंटर में युवाओं को कई सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी. ये पूरी तरह से वातानुकूलित और आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे. पर्सनल स्पेस, कॉमन स्पेस, कॉमन लैब व मीटिंग रूम के अलावा वाईफाई की सुविधा भी इन सेंटर्स में होगी. अपना खुद का व्यवसाय करने या स्टार्टअप शुरू करने वाले युवाओं के सामने शुरुआती दौर में जगह की ही सबसे बड़ी समस्या आती है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा सरकार की लाडली भत्ता योजना का उठाएं फायदा, हर महीने मिलेगी 3 हजार रुपए पेंशन

हरियाणा में ये अपनी तरह के पहले सेंटर होंगे. शुरुआती चरण में गुरुग्राम, फरीदाबाद और मानेसर को इसलिए चुना गया है, क्योंकि यहां सबसे अधिक मल्टीनेशनल कंपनियों के मुख्यालय हैं. ये तीनों ही प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र भी हैं. इनक्यूबेशन सेंटर्स में युवाओं को सरकार द्वारा टेक्निकल स्पोर्ट भी मुहैया कराया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.