नई दिल्ली | इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) ने सुधार की दिशा में 3 और बड़े फैसले लिए हैं. इनमें सबसे अहम फैसला वोटर लिस्ट को त्रुटिरहित बनाने और उससे मृतकों के नाम को तुरंत हटाने का है. इसके लिए उसको अब किसी औपचारिक आवेदन का इंतजार नहीं करना होगा, बल्कि महापंजीयक के मृत्यु पंजीयन डेटा से मृतकों की जानकारी इलेक्ट्रॉनिक रूप से हासिल करके निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) को मुहैया कराना होगा.
बाद में उसे बूथ लेवल आफीसर (BLO) से फील्ड विजिट कराकर उसे अपडेट कर दिया जाएगा. चुनाव आयोग ने यह भी सुनिश्चित किया है कि उसे मृतकों का ब्यौरा समय- समय पर महापंजीयक की ओर से मिलता रहें.
पहले लगता था काफी समय
वोटर्स लिस्ट से मृतक का नाम हटाने के लिए चुनाव आयोग की अब तक जो निर्धारित प्रक्रिया थी, उसके तहत इसे हटाने के लिए BLO के पास फार्म- 7 के तहत औपचारिक आवेदन देना होता था. जिसे मौके पर जांच के बाद BLO उसे हटाने की मंजूरी देता है. इस प्रकिया में लंबा समय लगता था, लेकिन अब मृतक का नाम हटवाने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
दूसरा सुधार
ECI ने सुधार की दिशा में जो दूसरा सबसे बड़ा कदम उठाया है, वह मतदाता सूचना पर्ची (VIS) को अधिक मतदाता अनुकूल बनाने के लिए उसके डिजाइन में बदलाव किया गया है. इसमें वोटर का सीरियल नंबर और पार्ट नंबर को अब अधिक प्रमुखता और बड़े आकार में प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि वोटर्स के लिए मतदान केंद्र की पहचान करना आसान हो जाए. इससे वोटर्स लिस्ट में उसका नाम खोजना भी आसान हो जाएगा.
तीसरा सुधार
तीसरा बड़ा सुधार BLO को चुनाव आयोग के पहचान- पत्र देने का हैं. यानि अब BLO चुनाव संबंधी कार्यों के लिए घर- घर जाएंगे, तो वह चुनाव आयोग पर पहचान- पत्र लेकर जाएंगे. इससे जहां उनकी पहचान आसान होगी, वहीं मतदाता भी उनकी पहचान को लेकर भ्रमित नहीं होंगे. इस पहचान- पत्र में उनका नाम, पद- नाम और फोटो लगी होगी.
