दिल्ली में रिंग रोड पर सुरक्षित होगा सफर, इस जगह से हटेगा जानलेवा यू-टर्न

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सड़क हादसों के लिए जिम्मेदार स्पॉट को चिह्नित कर उनमें सुधार किया जा रहा है. इसी कड़ी में रिंग रोड पर धौला कुआं से दिल्ली कैंट मेट्रो स्टेशन के बीच बने यू-टर्न के डिजाइन में खामियों को उजागर किया गया है. दोनों दिशाओं के लिए बने इस यू-टर्न की दीवार सड़क पर होने के चलते यहां आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. इन सड़क हादसों में कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं. लेकिन अब इस समस्या से निजात दिलाने के लिए इसमें बदलाव की योजना बनाई गई है.

Ring Road

NGO ने उजागर कराई खामियां

नई दिल्ली रेंज के ट्रैफिक डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि रिंग रोड पर धौला कुआं से नारायणा जाने और इसकी विपरीत दिशा में यू-टर्न बने हुए हैं. प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन इस यू-टर्न का इस्तेमाल करते हैं. उन्होंने बताया कि गत दिनों एक NGO ने उन्हें अवगत कराया कि इस यू-टर्न के डिजाइन में खामियां हैं जिसके चलते यहां रोजाना सड़क हादसे होते रहते हैं. यू-टर्न की दीवार सड़क पर हैं, जिससे टकराकर वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं.

यह भी पढ़े -  दिल्ली- हरियाणा के बीच सड़क कनेक्टिविटी होगी और ज्यादा बेहतर, मुनक नहर किनारे बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर

इसके बाद उन्होंने खुद मौके का मुआयना किया तो पाया कि NGO की ओर से बताई गई बात एकदम सही थी. ऐसे में अब लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखकर डिजाइन में मौजूद खामियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं.

अब ये होगी नई व्यवस्था

डीसीपी राजीव कुमार ने सुझाव दिया है कि मुख्य सड़क पर बनी यू-टर्न की दीवार को तोड़ दिया जाएं और यू-टर्न से 200 मीटर पहले जरसी बैरियर लगाकर एक लेन को यू-टर्न के लिए आरक्षित किया जाए ताकि आगे जाकर वाहन आसानी से मुड़ सकें. बता दें कि रिंग रोड की गिनती काफी बिजी सड़क मार्गों में होती है जिससे रोजाना लाखों की संख्या में वाहन गुजरते हैं और यहां धौला कुआं में अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.