गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम (Gurugram) से एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां सोहना विधानसभा क्षेत्र की 3 अलग- अलग सड़कों की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी. इसके लिए इन सड़कों के किनारे खड़े हरे- भरे 943 पेड़ों को काटा जाएगा. सबसे ज्यादा 823 पेड़ सोहना- दमदमा रोड पर काटे जाएंगे.
वन विभाग ने दी परमिशन
वन विभाग ने सोहना से दमदमा व परमिट लाइन मार्ग पर इन हरे-भरे पेड़ों को काटने की मंजूरी प्रदान कर दी है. ये पेड़ सड़कों के निर्माण और चौड़ाई बढ़ाने के काम में पिछले चार साल से रूकावट खड़ी कर रहे थे. इनमें 1 दर्जन से ज्यादा अलग- अलग श्रेणी के हरे- भरे पेड़ हैं. वन विभाग द्वारा परमिशन देने से पहले 2 बार सर्वे करके पेड़ों की संख्या ज़रूर कम की गई है. इसी वजह से वन विभाग के राष्ट्रीय स्तर के कार्यालय द्वारा परमिशन में देरी के चलते सड़क निर्माण व चौड़ीकरण का मामला अटका हुआ था.
लोगों का सफर होगा आसान
सोहना से दमदमा और अभयपुर चौक से हरचंदपुर के बीच परमिट लाइन मार्ग बिल्कुल खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका था, जिसके चलते स्थानीय लोगों और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही थी. इन सड़कों की हालत इस कदर खराब हो चुकी थी कि लोगों ने नए वाहन खरीदने ही बंद कर दिए थे क्योंकि सड़कों पर गढ्ढे होने के चलते नए वाहन भी दो महीने में ही हिचकोले खाने लग रहे थे.
अब सोहना से वाया दमदमा रिठौज के बीच करीब 18 किलोमीटर लंबी सड़क का नए सिरे से निर्माण किए जाने पर लोगों को गढ्ढों से मुक्ति मिलेगी. वहीं, इन सड़कों का चौड़ीकरण किए जाने पर ट्रैफिक संचालन में सुधार देखने को मिलेगा. सड़कों का नए सिरे से निर्माण होने पर लोगों का सफर सुगम और सुरक्षित हो जाएंगे. लंबे समय बाद इन सड़कों के निर्माण की खबर सामने आने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है.
