खेलों इंडिया यूथ गेम्स में छाया हरियाणा का अर्जुन, 2 गोल्ड सहित 4 पदकों पर जमाया कब्जा

झज्जर | खेल मैदान से हरियाणा (Haryana) के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. बिहार के गया में आयोजित हुई खेलों इंडिया यूथ तैराकी प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ी अर्जुन ने 2 गोल्ड मेडल और 2 रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम देशभर में रोशन किया है. पदक जीतकर लौटे अर्जुन का बहादुरगढ़ की एचएल सिटी में पहुंचने पर ढोल- नगाड़ों और फूल- मालाओं के साथ स्वागत किया गया.

Arjun Player Jhajjar

अर्जुन ने जीते 4 पदक

विजेता खिलाड़ी अर्जुन ने बताया कि बिहार के गया में आयोजित हुई खेलों इंडिया यूथ तैराकी प्रतियोगिता में उन्होंने हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए 4 पदक अपने नाम किए हैं. उन्होंने तैराकी के 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 50 मीटर फ्री स्टाइल इवेंट में गोल्ड मेडल तथा 100 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर फ्री स्टाइल इवेंट में रजत पदक हासिल किया है.

उन्होंने बताया कि उसने खेलों इंडिया यूथ गेम्स में नया कीर्तिमान स्थापित किया है. अर्जुन ने अपनी जीत का श्रेय अपने माता- पिता, कोच और स्विमिंग गेम्स के खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन व्यवस्था करने वाले हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव एवं हरियाणा ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष अनिल खत्री को दिया.

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

स्विमिंग में चमक बिखेर रहे हैं हरियाणवी

हरियाणा स्विमिंग एसोसिएशन के महासचिव एवं हरियाणा ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष अनिल खत्री ने अर्जुन का नोटों की माला पहनाकर स्वागत किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि अब हरियाणा की युवा पीढ़ी भी स्विमिंग के खेल में बेहतर प्रदर्शन करने लगी है. उन्होंने बताया कि हरियाणा के खिलाड़ियों को 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए तैयार करने के लिए विशेष तरह की सुविधा और प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे आगे चलकर विदेशी सरजमीं पर भारत और हरियाणा का नाम रोशन कर सकें.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.