फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद शहर के लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां लोगों को ट्रैफिक जाम की जकड़न से छुटकारा दिलाने के लिए फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) द्वारा NIT, ओल्ड और ग्रेटर फरीदाबाद के 4 सबसे बिजी चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें लगाई जाएगी. इससे जहां ट्रैफिक जाम में कमी आएगी, तो दूसरी ओर शहर से पर्यावरण प्रदुषण कम करने में मदद मिलेगी.
ट्रैफिक जाम ख़त्म
NIT से लेकर ओल्ड और ग्रेटर फरीदाबाद कि बात करें तो यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति विकराल रूप धारण कर चुकी हैं. इन इलाकों की लगभग सभी सड़कों पर वाहन रेंग- रेंग कर सफर करने को मजबूर हो रहे हैं. सड़कों की दोनों ओर अवैध रूप से खड़े वाहन भी ट्रैफिक जाम को बढ़ावा देते हैं. अब इन इलाकों के उन बिजी चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें लगाई जाएगी, जहां पहले ये सुविधा नहीं थी.
सेंसर तकनीक का इस्तेमाल
FMDA के एक अधिकारी ने बताया कि जल्द ही चयनित चौक-चौराहों पर आधुनिक ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम के तहत लाइटें लगाई जाएगी. इन लाइटों के संचालन के लिए सेंसर आधारित तकनीक इस्तेमाल में लाई जाएगी, ताकि ट्रैफिक का वास्तविक समय पर आंकलन करके लाइटें संचालित की जा सकें. इससे ट्रैफिक कंट्रोल करने में मदद मिलेगी और बेवजह की अड़चनों से बचा जा सकेगा.
अभियंता ने दी जानकारी
FMDA के कार्यकारी अभियंता क्षितिज वर्मा ने बताया कि NIT, ओल्ड फरीदाबाद और ग्रेटर फरीदाबाद के बिजी चौक- चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें लगाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है. इस योजना पर करीब 65 लाख रुपए की लागत राशि खर्च होगी. अगले सप्ताह टेंडर खोला जाएगा और अगले महीने लाइटें लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा. इससे काफी हद तक ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत पहुंचेगी.
