सोनीपत | खरखौदा शहर से दिल्ली आवाजाही करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. लंबे समय से यह सड़क अपनी बदहाल स्थिति से जूझ रही है. सड़क पर गढ्ढे होने के चलते लोगों का सफर करना दूभर हो चुका है. लंबे समय से इस सड़क के पुनर्निर्माण की मांग उठ रही थी और अब जाकर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने संज्ञान लेते हुए खरखौदा- दिल्ली मार्ग को नए सिरे से बनाने की योजना बनाई है.
दिल्ली बार्डर तक बनेगी नई सड़क
खरखौदा शहर से दिल्ली के औचंदी बार्डर की दूरी 9 किलोमीटर हैं. इसी सड़क पर पिपली गांव के बाहरी छोर पर कुंडली- मानेसर- पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे का मोड़ है. इस एक्सप्रेसवे का पुल क्रॉस करते ही IMT खरखौदा का क्षेत्र शुरू हो जाता है. मौजूदा समय में इस सड़क से रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है. आने वाले समय में IMT खरखौदा में औद्योगिक विकास रफ्तार पकड़ेगा तो यहां से गुजरने वाले वाहनों की संख्या में और ज्यादा बढ़ोतरी दिखाई देगी.
दो चरणों में होगा निर्माण
खरखौदा- दिल्ली सड़क मार्ग IMT खरखौदा की लाइफ लाइन है. यहां पर मारुति, सुजुकी और यूनो मिंडा जैसे बड़ी कंपनियों का निवेश होने के साथ ही सैकड़ों अन्य औद्योगिक ईकाईयां भी स्थापित होनी है. इसीलिए पिछले दिनों HSIIDC ने IMT क्षेत्र में सड़क विस्तारीकरण के लिए न केवल अपनी जमीन दी थी, बल्कि सड़क निर्माण के लिए भी 13 करोड़ रुपए जमा कराए थे.
पहले चरण में PWD द्वारा KMP एक्सप्रेसवे मोड से लेकर IMT खरखौदा की जमीन तक सड़क बनाई जाएगी, जबकि दूसरे चरण में KMP एक्सप्रेसवे मोड से खरखौदा शहर की तरफ दूसरे हिस्से में निर्माण किया जाएगा. फिलहाल सड़क को विस्तार देने का काम KMP मोड से दिल्ली की तरफ होगा, जबकि खरखौदा की तरफ के हिस्से को यथास्थिति में ही बनाने की योजना बनाई गई है. इस योजना के तहत, ट्रैफिक दबाव को देखते हुए सैदपुर चौक की भी चौड़ाई बढ़ाई जाएगी.
खरखौदा के विकास का संकल्प लिया है, ऐसे में खरखौदा क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या का हल करने जा रहे हैं. खरखौदा- दिल्ली मार्ग पर पहले चरण का निर्माण जल्द ही शुरू करवाया जाएगा. जल्द ही, दूसरे चरण पर भी काम होता दिखाई देगा. जिसके बाद खरखौदा- दिल्ली मार्ग की सालों पुरानी समस्या हल हो जाएगी- पवन खरखौदा, बीजेपी विधायक
