चंडीगढ़ | हरियाणा में ग्राम पंचायतों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. सूबे की नायब सैनी सरकार (Nayab Saini Govt) में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा सरकार ग्राम पंचायतों को सशक्त बनाने की दिशा में अनेक ऐतिहासिक कदम उठा रही है. आज मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार गांवों को विकास का केंद्र बिंदु बना रही है, जिससे गांवों में विकास की गंगा बहने लगी है.
सरपंचों की शक्ति में इजाफा
पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि हमारी सरकार ने पंचायतों को 21 लाख रुपये तक के विकास कार्य बिना कोटेशन के कराने का अधिकार देकर उन्हें स्वायत्तता की दिशा में और अधिक सशक्त बनाने का काम किया है. जिला परिषदों को सीधा फंड जारी कर विभिन्न विभागीय कार्यों के निष्पादन के अधिकार भी सौंप दिए हैं.
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि इसी साल 24 अप्रैल को राज्य सरकार ने राष्ट्रीय पंचायती दिवस को प्रदेश स्तर पर भव्य रूप में मनाने का काम किया. सीएम नायब सैनी ने इस अवसर पर ‘राज्य ग्राम उत्थान समारोह’ के तहत पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया और विभिन्न ग्राम पंचायतों के लिए 368 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व आधारशिला रखी.
ग्रामीण इलाकों के चहुंमुखी विकास पर फोकस
उन्होंने बताया कि हरियाणा में पहली बार पंचायती राज संस्थाओं को इतनी सक्रिय भागीदारी दी जा रही है. यह सत्ता के विकेंद्रीकरण का वास्तविक उदाहरण है. आज गांवों के सर्वांगीण विकास पर सबसे ज्यादा फोकस किया जा रहा है. ग्रामीण इलाकों में लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है. कच्ची फिरनियों को पक्का किया जा रहा है. गांवों की फिरनियां आज स्ट्रीट लाइटें लगने से दूधिया रोशनी से जगमग कर रही है. स्वच्छ पेयजल, तालाबों का सौंदर्यीकरण, बच्चों के लिए लाईब्रेरी इत्यादि सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.
