फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद के ESIC (कर्मचारी राज्य बीमा निगम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दिल्ली AIIMS की तर्ज पर इमरजेंसी मेडिसिन विभाग शुरू किया गया है. विभाग में रेड, येलो और ग्रीन 3 अलग- अलग जोन बनाए गए हैं. तीनों जोन में 40 बेड आरक्षित रहेंगे.
ह्रदय रोगियों को मिलेगा फायदा
फरीदाबाद के ईएसआईसी अस्पताल में इमरजेंसी मेडिसिन विभाग शुरू होने से गंभीर हालत में पहुंचने वाले मरीजों को समय रहते राहत पहुंचेगी. उन्हें रेड जोन में कई तरह की जांचों का लाभ मिलेगा. रेड जोन खासतौर पर ह्रदय रोगियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा.
पहले जब भी कोई हार्ट अटैक से जुड़ा मरीज आता था, तो उपचार के लिए उसे लंबा इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब रेड जोन में 6 वेंटिलेटर और कार्डियक मॉनिटर की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है. साथ ही, ईसीजी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.
सीटी स्कैन की सुविधा भी रेड जोन के बिल्कुल पास ही मिलेगी. सभी टेस्ट की रिपोर्ट मात्र 15 मिनट में उपलब्ध हो सकेगी. येलो जोन में उन मरीजों को भर्ती किया जाएगा, जिनकी हालत थोड़ी बेहतर है और उन्हें भर्ती करने की जरूरत है. ग्रीन जोन में उन मरीजों को भर्ती किया जाएगा, जो किसी भी तरह के खतरे से बाहर है.
उपयोगी है कार्डियक मार्कर मशीन
कार्डियक मार्कर मशीन एक ऐसा मेडिकल उपकरण हैं, जो मात्र 15 मिनट में फेफड़ों और पैरों में थक्के जमने की जानकारी देता है. इमरजेंसी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने बताया कि पहले इन जांचों के लिए ब्लड सैंपल लैब में भेजा जाता था और उसकी रिपोर्ट आने में 3 घंटे से ज्यादा का समय लगता था.
हमने दिल्ली AIIMS की तर्ज पर इमरजेंसी मेडिसिन विभाग शुरू किया है. यह विभाग मरीजों को तत्काल राहत पहुंचाने में काफी उपयोगी साबित होगा. मरीजों को अस्पताल पहुंचते ही इलाज के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा. कई बार इलाज देरी से शुरू होने पर खतरा बढ़ जाता था, लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं आएगी- डॉ. एके पांडे, डीन, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज
