चंडीगढ़ | हरियाणा में नए जिले बनने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है. विभागीय सूत्रों की मानें तो अगले सप्ताह कैबिनेट सब- कमेटी की आखिरी मीटिंग होगी, जिसमें नए जिलों के गठन को लेकर अंतिम रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश सरकार (Haryana Govt) के पास भेजी जाएगी. इस संबंध में सब- कमेटी काफी हद तक अपना होमवर्क पूरा कर चुकी हैं.
5 नए जिले बनने की संभावना
राज्य सरकार की ओर से पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गठित सब- कमेटी के सामने 5 नए जिले बनाने की मांग आई है. इनमें गोहाना, सफीदों, असंध, हांसी व डबवाली के नाम शामिल हैं.
मानेसर को नया जिला बनाने की मांग भी कमेटी के पास पहुंची थी, लेकिन पिछली मीटिंग में सब- कमेटी को संबंधित प्रस्ताव के पूरे दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए थे. प्रदेश में नए डिवीजन, सब- डिवीजन और तहसील बनाने के दर्जनों प्रस्ताव भी कमेटी के पास लंबित हैं, जिन पर अगली मीटिंग में फैसला लिया जा सकता है.
नए मंडल बनाने के संकेत
सब- कमेटी की पिछली मीटिंग में नए जिलों के साथ नए मंडल बनाने पर भी चर्चा हुई है. कमेटी की ओर से जिला उपायुक्तों को कहा गया था कि वे जरूरी डाक्यूमेंट्स पूरे करवाकर कैबिनेट सब- कमेटी के पास भिजवाए, ताकि उनपर फैसला लिया जा सके. इसके तहत, जिला उपायुक्तों की ओर से कमेटी के पास रिपोर्ट भेजी गई है, जिसपर अगले सप्ताह होने वाली मीटिंग में कमेटी द्वारा मंथन किया जाएगा.
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि राज्य में नए जिलों के गठन को लेकर अगले सप्ताह तक रिपोर्ट फाइनल कर ली जाएगी. इस संबंध में काफी हद तक मंथन पूरा हो चुका है. अगली मीटिंग में रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय भेज दी जाएगी.
