नई दिल्ली | केंद्र की मोदी सरकार देशभर में सड़क नेटवर्क का ढांचा मजबूत करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है. इस कड़ी में हाइवे और एक्सप्रेसवे का जाल बिछाया जा रहा है. बड़े- बड़े शहरों के ट्रैफिक जाम से लोगों को छुटकारा दिलाने के लिए बाईपास बनाएं जा रहें हैं, ताकि लोग कम समय में बिना किसी परेशानी के अपने गंतव्य स्थान तक आसानी से पहुंच सकें. इसी कड़ी में हरियाणा से दिल्ली के बीच आवागमन करने वाले लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है.
NHAI करेगा रोहक रोड का निर्माण
हरियाणा से दिल्ली के बीच आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. हरियाणा को दिल्ली से जोड़ने वाली सड़क (रोहतक रोड) का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा. इस योजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाने में लगभग डेढ़ साल का समय लगेगा.
मिली जानकारी के अनुसार, रोहतक रोड का फिर से निर्माण किया जाएगा. इसके लिए दिल्ली सरकार ने इस प्रोजेक्ट को लोक निर्माण विभाग (PWD) से नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) को स्थानांतरित कर दिया है.
मिलेगी अच्छी सड़क की सौगात
दिल्ली की नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी की सरकार में लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस सड़क मार्ग का निरीक्षण करने के बाद कहा कि स्थानीय लोगों को लगातार हो रही परेशानी और समय पर निर्माण कार्य को पूरा करने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है. मानसूनी सीजन में यहां जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिसके चलते यहां दुकानदारों, स्थानीय लोगों और हरियाणा के लिए आवागमन करने वाले लोगों को खासी मुश्किलें झेलनी पड़ती है.
यहां जलभराव की प्रमुख वजह सीवर का ओवरफ्लो होना है, लेकिन अब इस सड़क मार्ग का पूरा निर्माण कार्य NHAI को सौंप दिया है. लोगों को जल्द ही एक अच्छी सड़क की सौगात दी जाएगी.
