भिवानी | हरियाणा के भिवानी शहर को दो नई सड़कों की सौगात मिली है. भिवानी- महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से BJP सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने शहर में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय से शहर की ओर जाने वाली और दिनोद फाटक ओवरब्रिज से नगर परिषद की सीमा में नहर तक सड़क मार्ग के नवनिर्माण कार्य का शिलान्यास किया. इन सड़कों के निर्माण पर साढ़े 3 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी.
लोगों का सफर होगा आसान
दिनोद रोड पर स्थित धर्मशाला में आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम में बीजेपी सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि शहर के चारों ओर से बाईपास निकाले जा रहे हैं. इससे शहर का दायरा बढ़ेगा. उन्होंने बताया कि नए भिवानी शहर को तिगड़ाना मोड़ से रोहतक रोड, दादरी रोड और लोहारू रोड से बाईपास के जरिये जोड़ा जा रहा है. जल्द ही, लोहारू रोड से तोशाम रोड होते हुए तिगड़ाना मोड़ तक जोड़ा जाएगा.
समाधान के दिए निर्देश
उन्होंने कहा कि इन बाईपास रोड से कनेक्टिविटी मिलने पर अन्य शहरों में जाने के लिए लोगों को भिवानी शहर में आने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा और साथ ही कीमती समय भी बचेगा. चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि पुराने भिवानी शहर का विकास आधुनिक तकनीक के साथ किया जा रहा है. इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनी और मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के अधिकारियों को इनके समाधान के निर्देश दिए.
