नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कई बाजार देशभर में प्रसिद्ध हैं. हर एक बाजार की अपनी खास पहचान है. कोई कपड़ों के लिए जाना जाता है तो कोई अन्य सामानों के लिए. इन्हीं में से एक मार्केट है, जहां बेहतरीन डिजाइनर कपड़े मिलते हैं. यहां तक कि बॉलीवुड के बड़े- बड़े सितारे भी यहां शॉपिंग के लिए आते हैं. ऐसा कहा जाता है कि यह मार्केट फैशन के मामले में मुंबई की नामी मार्केट्स को भी पीछे छोड़ देती है.
25 साल पुरानी मार्केट
जिस मार्केट की बात हो रही है, वह साउथ दिल्ली के शाहपुर जाट गांव में स्थित है. नाम सुनने में भले ही आम लगे, लेकिन यह बाजार सेलिब्रिटीज़ के बीच काफी लोकप्रिय है. यहां कई बड़े बुटीक और डिजाइनर शोरूम मौजूद हैं. डिजाइनर एकता के मुताबिक, यह मार्केट करीब 25 साल पुरानी है और दो हिस्सों में बंटी हुई है. पहला हिस्सा फैशन स्ट्रीट मार्केट है और दूसरा दादा जंगी लेन. दादा जंगी लेन में ज्यादा प्रीमियम क्वालिटी के कपड़े मिलते हैं, जबकि फैशन स्ट्रीट पर कीमतें थोड़ी कम होती हैं. यहां करीब 150 से ज्यादा डिजाइनर स्टोर्स हैं.
मुंबई की फैशनेबल मार्केट्स को टक्कर
डिजाइनर एकता ने बताया कि यह मार्केट मुंबई की फैशनेबल मार्केट्स को कड़ी टक्कर देती है. यहां कई बॉलीवुड सितारे कपड़े खरीदने आते हैं. इतना ही नहीं, कुछ फिल्मों की शूटिंग भी यहां हो चुकी है. महिलाओं के लिए यहां ₹20000 से लहंगा मिलना शुरू हो जाता है, जबकि ब्राइडल लहंगे की प्रीमियम रेंज ₹2 लाख से ₹3 लाख तक जाती है. पुरुषों के लिए ₹18000 में ब्लेजर और ₹1.5 लाख से ऊपर की शेरवानी भी मिलती है. यह मार्केट हर रोज सुबह 11:00 बजे से शाम 7:30 बजे तक खुली रहती है, जबकि रविवार को बंद रहती है. इसका नजदीकी मेट्रो स्टेशन हौज खास है.
