फरीदाबाद | ओल्ड फरीदाबाद से जुड़ी एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां अंडरपास में जलभराव की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए नगर निगम ने योजना बनाई है. बता दें कि पिछले साल अंडरपास में जलभराव होने से एक कार में सवार 2 बैंक कर्मियों की मौत हो गई थी. बारिश के मौसम में दोबारा इस तरह की दर्दनाक घटना न हो, इसके लिए नगर निगम ने पानी निकासी की व्यवस्था करने की योजना तैयार की हैं.

51 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत
इस कार्ययोजना के लिए नगर निगम प्रशासन ने यहां पर करीब 51.66 लाख रुपए की धनराशि स्वीकृत की हैं. निगम द्वारा पंपिंग स्टेशन की मरम्मत के साथ- साथ मोटर आदि की क्षमता बढ़ाई जाएगी. ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडरपास को NIT-5, सेक्टर-21A और सेक्टर-21D में रहने वाले लोग NIT और ओल्ड फरीदाबाद आवाजाही के लिए इस्तेमाल करते हैं.
जल्द काम होगा शुरू
इस योजना पर अगले महीने से काम शुरू होने की उम्मीद है. पानी निकासी की इस कार्ययोजना पर अब तक काम पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन नगर निगम प्रशासन की लेट- लतीफी के चलते यह काम अब तक शुरू भी नहीं हो पाया है.