चरखी दादरी | यह दुनिया अजीबो- गरीब चमत्कारों से भरी पड़ी है. हरियाणा के चरखी दादरी जिले में भी ऐसा ही एक चमत्कार देखने को मिलता है. यहां के गांव कल्याण (कलियाणा) की पहाड़ी में एक ऐसा पत्थर पाया जाता है, जो देशभर में कहीं और नहीं मिलता. इसकी खास बात यह है कि यह पत्थर रबड़ की तरह हिलता है. पूरी दुनिया में यह पत्थर केवल दो से तीन जगहों पर ही पाया जाता है.
वैज्ञानिक धरोहर
द सोसाइटी ऑफ अर्थ साइंटिस्ट ने इस अद्भुत पत्थर को देश की महत्वपूर्ण वैज्ञानिक धरोहरों में शामिल किया है. इसका संरक्षण भी किया जा रहा है. अब ग्रामीण इसकी महत्ता को देखते हुए चाहते हैं कि इस जगह को टूरिस्ट प्लेस के रूप में विकसित किया जाए. जिस जगह की बात हो रही है, वह चरखी दादरी से करीब 8 किलोमीटर दूर गांव कलियाणा की पहाड़ी में स्थित है. यहां मिलने वाला चमत्कारी पत्थर अन्य सामान्य पत्थरों की तुलना में काफी नरम होता है. इसे हाथ से पकड़कर हिलाने पर यह लचकता है.
विदेशों से पहुंचते पर्यटक
इसे देखने के लिए पहले दूर- दूर से लोग गांव में पहुंचते थे. ग्रामीण नरेंद्र और बिजेंद्र ने जानकारी दी कि पहले देश- विदेश से पर्यटक इस चमत्कारी पत्थर को देखने आते थे. कई ग्रामीण अपने घरों में इन पत्थरों को रखते थे और पर्यटकों को दिखाते थे. अब प्राकृतिक धरोहरों को बचाने के लिए इन पत्थरों को यहां से ले जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. साथ ही, पहाड़ी तक पहुंचने के रास्ते भी बंद हो चुके हैं. यही वजह है कि अब पर्यटकों का आना लगभग बंद हो गया है.
ग्रामीणों की मांग
कलियाणा की पहाड़ी हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश में एकमात्र स्थान है जहां फ्लैक्सिबल स्टोन मिलता है. ग्रामीण चाहते हैं कि इस स्थान को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाए, ताकि लोग इन अद्भुत पत्थरों को देख सकें. उन्होंने बताया कि यह पत्थर सामान्य पत्थरों की तुलना में थोड़ा हल्का होता है और इसे घिसने पर बुरादा निकलता है. जब इसे खींचकर पट्टी का आकार दिया जाता है, तो यह रबड़ की तरह हिलने लगता है.
