नई दिल्ली | जल्दी ही नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (New Delhi Railway Station) के री- डेवलपमेंट का काम शुरू हो जाएगा, जिस पर करीब 2469 करोड़ रुपए का खर्च आने का अनुमान है. स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं और नए डिजाइन के साथ तैयार किया जाएगा. कार्य की शुरुआत पहाड़गंज दिशा की ओर से की जाएगी. इस निर्माण कार्य के चलते कुछ ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर स्थानांतरित किया जाएगा. अगर आप भी भविष्य में यहां से ट्रेन पकड़ने का विचार कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है.

सुविधा का रखा जाएगा ध्यान
रेल मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार स्टेशन के री- डेवलपमेंट कार्य में यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है. यही कारण है कि स्टेशन को एक बार में पूरी तरह तोड़ने के बजाय इसे विभिन्न चरणों में आंशिक रूप से तोड़ा जाएगा. मार्च 2026 से पहले स्टेशन के एक हिस्से को तोड़ा जाएगा. इसके निर्माण और सुधार कार्य में लगभग 45 महीने का समय लग सकता है.
प्लेटफॉर्म और ट्रैक होंगे नए सिरे से तैयार
इस परियोजना के तहत स्टेशन पर मौजूद सभी प्लेटफॉर्म और ट्रैक को नए सिरे से बनाया जाएगा. यहां 2 नई इमारतों का निर्माण किया जाएगा जिनमें वेटिंग एरिया, लिफ्ट, एस्केलेटर और दुकानों के लिए रिटेल एरिया शामिल होगा. स्टेशन के पास छह फ्लाईओवर बनाए जाएंगे. पार्सल के लिए दो टनल, पार्किंग और सर्कुलर एरिया का भी निर्माण किया जाएगा. री- डेवलपमेंट कार्य में ग्रीन बिल्डिंग मानकों का पालन किया जाएगा और सौर ऊर्जा, सीसीटीवी कैमरे और एक्सेस कंट्रोल सिस्टम का उपयोग भी किया जाएगा.
चार चरणों में होगा कार्य
इस पूरे कार्य को 4 चरणों में विभाजित किया गया है. पहले चरण में प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 5 का निर्माण चार महीनों में किया जाएगा. दूसरे चरण में प्लेटफॉर्म नंबर 6 से 9, तीसरे चरण में प्लेटफॉर्म 10 से 13 और चौथे चरण में 14 से 16 का कार्य किया जाएगा. इस दौरान शेष प्लेटफॉर्म्स से ट्रेन सेवाएं जारी रहेंगी. री- डेवलपमेंट कार्य के तहत कुछ ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर शिफ्ट किया जाएगा. इसके लिए आनंद विहार में दो और शकूरबस्ती में 3 नए प्लेटफॉर्म्स का निर्माण पहले ही किया जा चुका है.