हरियाणा में 9 जुलाई तक सरकार के खिलाफ आंदोलनरत रहेंगे सफाई कर्मचारी, इन मांगों को लेकर करेंगे प्रदर्शन

चंडीगढ़ | हरियाणा में सफाई कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इन कर्मचारियों ने प्रदेश में नियमित भर्ती और एमडब्ल्यूएस एप्लिकेशन पर सफाई कर्मचारियों की हाजिरी लगाने के फैसले के विरोध में आंदोलन का ऐलान कर दिया है. 3 जून यानि आज राज्य के सभी 89 फायर स्टेशनों पर काले झंडों के साथ प्रदर्शन किया जाएगा.

SAFAI

9 जुलाई तक करेंगे प्रदर्शन

कई चरणों में होने वाले इस आंदोलन के तहत शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल के फरीदाबाद स्थित आवास का घेराव किया जाएगा. 29 जून को होने वाले इस घेराव के दौरान फायर व पालिका कर्मचारियों के साथ हरियाणा सरकार के साथ समझौते को लागू करने की मांग की जाएगी. आंदोलन का यह सिलसिला 9 जुलाई तक जारी रहेगा.

नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि अब सफाई कर्मचारी जागरूक हो चुके हैं और सरकार के कर्मचारी विरोधी फैसलों के खिलाफ डटकर लड़ाई लड़ी जाएगी. उन्होंने बताया कि फायर व पालिका कर्मचारियों के साथ सरकार ने जो समझौते किए थे, उन्हें लागू नहीं किया जा रहा है. इससे प्रदेश की पालिकाओं, परिषदों व नगर निगमों के साथ फायर विभाग के हजारों कर्मचारियों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

यह रहेगा शेड्यूल

नरेश शास्त्री ने बताया कि 3 जून को प्रदेश के सभी फायर स्टेशनों पर काले झंडे लहराने के बाद 12 जून को अग्निशमन विभाग के महानिदेशक के पंचकूला स्थित कार्यालय का घेराव किया जाएगा. इससे पहले 10 जून को एमडब्ल्यूएस पोर्टल पर हाजिरी लगाने के विरोध में सभी पालिका, परिषद और निगमों के कर्मचारी काले बिल्ले व काले झंडे लगाएंगे. इसके साथ ही, हाथों में उल्टी झाड़ू लेकर नगर निगम आयुक्तों व पालिका परिषदों के जिला उपायुक्तों के कार्यालयों पर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन का कार्यक्रम रहेगा.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में अब गर्मी दिखाएगी अपने तेवर, गर्म हवाओं और लू चलने का अलर्ट जारी

उन्होंने बताया कि 7 जून को अंबाला व रोहतक कमिश्नरी, 14 जून को करनाल व गुरुग्राम और 21 जून को हिसार व फरीदाबाद कमिश्नरी के अन्तर्गत सभी पालिका, परिषद व निगमों तथा फायर कर्मचारी कार्यकर्ताओं के साथ कन्वेंशन आयोजित की जाएगी. उसके बाद, 23 जून को प्रदेश के निकाय व फायर कर्मचारी प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित सभी राज्य एवं कैबिनेट मंत्रियों के आवास पर आक्रोश प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपेंगे.

9 जुलाई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल

नरेश शास्त्री ने कहा कि हरियाणा सरकार ने सफाई कार्यों में ठेका व्यवस्था लागू की हुई है. एमडब्ल्यूएस एप्लिकेशन पर सफाई कर्मचारियों की हाजिरी कर अधिकारी मनमानी कर रहे हैं. सफाई कर्मचारियों का वेतन 27 हजार रुपए करने की घोषणा सीएम नायब सैनी द्वारा की गई थी, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया है. सफाई व सीवर कर्मचारियों के खाली पड़े पदों पर पक्की भर्ती नहीं हो रही है और कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया जा रहा है.

हरियाणा कौशल रोजगार निगम में 5 साल की सेवा अवधि पूरी करने वाले कर्मचारियों को 58 साल की नौकरी की गारंटी का पत्र देने तथा 5 साल की अवधि पूरी नहीं करने वाले कर्मचारियों को नियमों में छूट देकर रोजगार की गारंटी देने की मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है. इन सभी मांगों को लेकर पालिका एवं फायर कर्मचारी 9 जुलाई को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर उतरेंगे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.