अंबाला | हरियाणा के अंबाला की साइंस टीचर ज्योति जिंदल (Jyoti Jindal) को मालती ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया है. यह सम्मान प्राप्त करने वाली ज्योति हरियाणा की पहली शिक्षिका बन गई हैं.
29 मई को नई दिल्ली में इस पुरस्कार समारोह का आयोजन हुआ था. इस दौरान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया भी उपस्थित थे.
दी गई 1 लाख रुपए की राशि
इस पुरस्कार को शिक्षा, सामाजिक सेवा और राष्ट्रीय निर्माण के क्षेत्र में विशेष काम करने वाले लोगों को दिया जाता है. अबकी बार अंबाला स्थित एस ए जैन सीनियर मॉडल स्कूल की साइंस टीचर ज्योति जिंदल को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया. इसके अंतर्गत उन्हें ₹1,00,000 की नगद राशि, एक सम्मान पत्र एवं एक विशेषता प्रमाण पत्र भी दिया गया.
हरियाणा से पहली बार चुना गया शिक्षक
उनके परिवार को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. ज्योति जिंदल ने जानकारी देते हुए बताया कि वह शहर के एस ए जैन सीनियर मॉडल स्कूल में साइंस टीचर के पद पर कार्यरत हैं. उन्हें हाल ही में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ द्वारा मालती ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. उन्होंने जानकारी दी कि हर साल नई दिल्ली में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है.
देशभर से इस पुरस्कार के लिए केवल 5 अध्यापकों का चयन होता है. यह पुरस्कार उन शिक्षकों को दिया जाता है जो अपने क्षेत्र में विशेष कार्य करते हैं. इसके लिए मैंने अप्लाई किया था और एक रिटन टेस्ट भी दिया था. हरियाणा में यह पहली बार हुआ है कि यह पुरस्कार किसी शिक्षक को दिया गया है.
