चंडीगढ़ | हरियाणा में राशनकार्ड धारकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. प्रदेश सरकार द्वारा राशन डिपो पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत POS मशीन पर 100% e- KYC अनिवार्य कर दी गई है. इसके तहत सभी लाभार्थियों को 30 जून तक अपने पीओएस मशीनों पर ई- केवाईसी प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
फर्जी राशन लेने वालों पर लगेगा अंकुश
सिरसा जिले के खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार ने बताया कि सिरसा जिले में लगभग 60% लाभार्थियों की बायोमेट्रिक पहचान सफलतापूर्वक दर्ज की जा चुकी है. इस पर विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है. सभी लाभार्थियों की e- KYC होने से फर्जी तरीके से राशन लेने पर अंकुश लगेगा. उन्होंने राशन लाभार्थियों से आग्रह करते हुए कहा कि वे इस प्रकिया को 30 जून से पहले अनिवार्य रूप से पूरा कर लें, ताकि राशन डिपो पर राशन लेने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना करने से बचा जा सके.
उन्होंने बताया कि e- KYC प्रकिया पूरी होने पर सभी लाभार्थियों का रिकॉर्ड आनलाइन खाद्य विभाग के पास पहुंच जाएगा. इस व्यवस्था से किस राशनकार्ड से कितने लाभार्थी जुड़े हुए हैं, इसकी सटीक जानकारी विभाग को मिल सकेगी. उन्होंने सभी लाभार्थियों से जल्द- से- जल्द इस काम को पूरा करने की सलाह दी है.
ऐसे होगी e- KYC की प्रकिया
अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि ई- केवाईसी करवाने के लिए लाभार्थियों को अपने आधार कार्ड के साथ नजदीकी डिपोधारक के पास जाकर POS मशीन पर अपना अंगूठा लगाकर अपनी पहचान सत्यापित करानी होगी. इसके बाद, ई- केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
