नई दिल्ली | आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को राजधानी दिल्ली में बेहद भव्य रूप से मनाया जाएगा. दिल्ली में 11 साल बाद योग दिवस का आधिकारिक आयोजन होने जा रहा है, जिसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इस दिन शहर के प्रमुख स्टेडियम और खेल परिसरों समेत कई स्थानों पर एक साथ योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. अनुमान है कि इन कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में लोग भाग ले सकते हैं.
छत्रसाल स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम
दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यहां एक साथ 10,000 से ज्यादा लोग योग करेंगे. इन प्रतिभागियों में छात्र, शिक्षक, ट्रेनर और अन्य लोग शामिल होंगे. इसके अलावा राजधानी के अन्य 10 स्थानों पर भी योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जहां प्रत्येक स्थान पर 1000 लोग भाग लेंगे. ये स्थान हैं- त्यागराज स्टेडियम, ईस्ट विनोद नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, बवाना, झिलमिल कॉलोनी, प्रहलादपुर, यमुना बैंक, भारत नगर, द्वारका सेक्टर-6, नजफगढ़ स्टेडियम और अशोक नगर हॉकी स्टेडियम.
योग दिवस का लाइव प्रसारण
इस आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए मंत्री आशीष सूद ने बताया कि बीते 11 वर्षों से राजधानी में योग दिवस का आधिकारिक आयोजन नहीं किया गया था. अब 27 वर्षों बाद राजधानी में बनी बीजेपी सरकार केंद्र सरकार के साथ तालमेल बैठा कर काम कर रही है, जिससे दिल्लीवासियों को लाभ मिल रहा है. योग दिवस पर होने वाले इन कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण edudel.nic.in वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है.
