पानीपत | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र के प्रमुख शहरों से हरियाणा को सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करने के उद्देश्य से रेल नेटवर्क के ढांचे को मजबूत किया जा रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली सराय रोहिल्ला- काले खां से करनाल तक नमो भारत ट्रेन के संचालन को लेकर कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा. इस कॉरिडोर पर सेमी हाई स्पीड ट्रेन संचालित होगी, जिससे दिल्ली तक लोगों की आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी.
जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू
दिल्ली से हरियाणा के करनाल तक सेमी हाई स्पीड ट्रेन के लिए कॉरिडोर निर्माण को लेकर रेलवे के अधिकारियों की हाल ही में पानीपत जिला उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया के साथ एक बैठक हुई थी जिसमें कॉरिडोर के संदर्भ में विस्तार से चर्चा की गई है. उपायुक्त ने रेलवे अधिकारियों को आश्वस्त किया कि प्रशासन रेलवे की इस कार्य में हर संभव मदद करेगा.
बैठक के दौरान रेलवे अधिकारियों ने उपायुक्त को प्रस्तावित आधुनिक कॉरिडोर का संभावित रूपरेखा भी कंप्यूटर के माध्यम से साझा की. डॉ दहिया ने भरोसा दिलाया कि जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी इस कार्य में रूचि लेकर जमीन उपलब्ध करवाने के संबंध में अधिकारियों का हर संभव सहयोग करेंगे. उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के अस्तित्व में आने पर पानीपत जिले में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी.
रोजगार के अवसर
पानीपत उपायुक्त ने कहा कि इस कॉरिडोर पर सेमी हाई स्पीड ट्रेन के संचालन से आसपास के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. दिल्ली में पढ़ाई, नौकरी या व्यवसाय से संबंधित कार्यों के लिए जाने वाले लोगों को इसका बड़ा फायदा मिलेगा. पानीपत से दिल्ली आवाजाही करने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा.
यह कॉरिडोर दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ और करनाल के बीच बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे इन शहरों के बीच आवाजाही बेहद आसान हो जाएगी. लोगों को सार्वजनिक परिवहन के रूप में तीव्र गति का एक और अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. इससे उनकी यात्रा कम समय में तय हो सकेगी. उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इस प्रोजेक्ट में रूचि लेकर इस कार्य को सिरे चढ़ाएं, ताकि नमो भारत कॉरिडोर के निर्माण कार्य को शीघ्रता से पूरा किया जा सकें.
