चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने सूबे में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा ऐलान किया है. प्रदेश सरकार ने दो शहरों में फिल्म सिटी बनाने का फैसला लिया है. सरकार के इस फैसले से स्थानीय कलाकारों को फायदा पहुंचेगा. साथ ही, कई अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
इन शहरों में बनेगी फिल्म सिटी
मिली जानकारी के अनुसार, शुरुआत में पंचकूला के पिंजौर में 100 एकड़ जमीन पर फिल्म सिटी बनाई जाएगी. इसके अलावा, गुरुग्राम में भी फिल्म सिटी बनाने का फैसला लिया गया है. इस प्रोजेक्ट को लेकर जमीन चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया गया है. प्रदेश में फिल्म सिटी बनने से नए कलाकारों को मौका मिलेगा. प्रदेश में पिंजौर और गुरुग्राम में फिल्म सिटी बनाने को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी पहले ही घोषणा कर चुके हैं.
बीते दिनों महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (MDU) में आयोजित हुए फिल्म महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा था कि राज्य में सिंगल स्क्रीन सिनेमा को फिर से जीवित करने की मांग की गई थी. इस संबंध में सरकार ने फिल्म प्रमोशन बोर्ड का गठन किया है, जो इस दिशा में काम करेगा.
फिल्म मेकिंग कोर्स होंगे शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा था कि प्रदेश की सभी यूनिवर्सिटी में फिल्म मेकिंग कोर्स शुरू किए जाएंगे और इसकी जिम्मेदारी दादा लखमीचंद यूनिवर्सिटी ऑफ परफार्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (SUPVA) को सौंपी जाएगी. इसके अलावा, फिल्म सब्सिडी से जुड़े लंबित आवेदनों का 30 दिन में भुगतान किया जाएगा.
