नई दिल्ली | रेलयात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए एक नया कदम उठाया है, जिसके तहत अब वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को उनकी टिकट कंफर्म होने की जानकारी ट्रेन रवानगी से 24 घंटे पहले मिलेगी, जबकि पहले सिर्फ 4 घंटे पहले मिलती थी.
24 घंटे पहले मिलेगी जानकारी
रेल मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि प्रयोग के तौर पर इसे शुरू किया गया है, ताकि यात्रियों को अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिल सके. इस नए प्रयोग से उन यात्रियों को राहत पहुंचेगी, जो वेटिंग टिकट की वजह से अपनी यात्रा को लेकर अनिश्चित रहते हैं. रेलवे ने भरोसा दिलाया है कि यह योजना तभी स्थायी होगी, जब यात्रियों से अच्छा रिस्पॉन्स मिलेगा.
रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने बताया कि हमने बीकानेर डिवीजन में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर इसकी शुरुआत की है. जहां ट्रेन रवानगी से 24 घंटे पहले चार्ट तैयार किए जा रहे हैं. पहले यह काम 4 घंटे पहले होता था. इससे उन यात्रियों को राहत पहुंचेगी, जो वेटिंग टिकट के कंफर्म होने को लेकर अनिश्चित रहते थे. अब अगर उन्हें 24 घंटे पहले पता चल जाए कि उनकी टिकट पक्की हो गई है, तो वे अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकते हैं.
टिकट रद्द करने की नीति में बदलाव नहीं
टिकट कंफर्म होने पर यात्री इसे रद्द करता है तो उसे टिकट अमाउंट का एक बड़ा हिस्सा जुर्माने के तौर पर गंवाना पड़ेगा. यदि टिकट ट्रेन रवानगी से 48 घंटे से 12 घंटे पहले रद्द की जाती है, तो यात्री को टिकट अमाउंट का मात्र 25% हिस्सा वापस मिलेगा. वहीं, 12 घंटे से 4 घंटे पहले टिकट रद्द होती है, तो 50% राशि वापस मिलेगी. रेलवे अधिकारी ने बताया कि रद्द होने वाली सीटों या बर्थ को मौजूदा बुकिंग सिस्टम के जरिए भरा जाएगा.
