नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में बाहरी दिल्ली स्थित भगवान महावीर मार्ग (रिठाला नाले से रोहिणी सेक्टर- 36 स्थित हैलीपेड तक) 5 किलोमीटर लंबे इस हिस्से को सिग्नल फ्री बनाया जाएगा. इस दूरी में 4 जगहों पर लालबत्ती लगी हुई है, जिन्हें हटाने की कवायद शुरू हो गई है.
दिल्ली में सफल रहा प्रयोग
बैक- टू- बैक योजना के तहत, दिल्ली की कई सड़कों को सिग्नल फ्री बनाने का प्रयोग सफल रहा तो. अब बाहरी दिल्ली के 5 किलोमीटर लंबे इस हिस्से पर इस योजना को लागू करने की तैयारी चल रही है. पिछले दिनों ट्रैफिक पुलिस द्वारा इस सड़क मार्ग का अध्ययन किया गया था, जिसमें पाया गया कि लालबत्ती के चलते लोगों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है.
यात्रियों को होंगे कई फायदे
इस सड़क मार्ग को सिग्नल फ्री बनाने से न केवल लोगों का सफर आसान हो जाएगा बल्कि और भी कई तरह के फायदे होंगे. यहां बिना किसी रूकावट के ट्रैफिक संचालन से लोगों का कीमती समय बचेगा. साथ ही, ईंधन की बचत होगी. वहीं, ट्रैफिक सिग्नल हटने से सड़क हादसों में कमी आएगी.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जल्द ही यहां ट्रायल शुरू किया जाएगा. ट्रायल के दौरान किसी तरह की समस्या आती है, तो उसका समाधान किया जाएगा और फिर व्यवस्था को स्थायी रूप से लागू किया जाएगा. अभी 5 किलोमीटर लंबे इस हिस्से को पूरा करने में 15 मिनट से ज्यादा का समय लगता है, लेकिन लालबत्ती हटाए जाने पर इस दूरी को मात्र 5 से 7 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. इस व्यवस्था से ट्रैफिक संचालन में काफी सुधार देखने को मिलेगा.
