चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से पिछले साल अक्टूबर में ग्रुप सी पदों के लिए 25 हजार से ज्यादा पदों पर हुई भर्ती का रिजल्ट संशोधित किया गया है. पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आर्डर के चलते हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने भर्तियों में सामाजिक-आर्थिक आधार के अंक समाप्त करते हुए नए सिरे से मेरिट तैयार की है.
781 युवा मेरिट लिस्ट से हुए बाहर
संशोधित परिणामों में 1699 नए युवाओं को चयनित किया गया है जबकि पहले चयनित 781 युवा मेरिट लिस्ट से बाहर हो चुके है. पहले चयनित 855 अभ्यर्थियों को जहां तृतीय श्रेणी में ही उच्च पद मिलेगा, वहीं 415 युवा मेरिट में नीचे खिसक गई है जिसकी वजह से उन्हें नीचे के पद मिलेंगे. संशोधित रिजल्ट के चलते 277 पटवारी अब दूसरे पदों पर चले गए हैं, जबकि अन्य पदों पर चयनित 193 युवा पटवारी के पद पर नियुक्त होंगे.
मेरिट लिस्ट से बाहर हुए युवाओं को नहीं होना परेशान
93 पटवारियों की कैटेगरी चेंज हो गई है, जबकि 75 पटवारी मेरिट लिस्ट से बाहर हो गए हैं. पटवारी के पद पर 159 नए युवाओं का सिलेक्शन हुआ है. इसी प्रकार 100 नए युवा ग्राम सचिव के पद पर चयनित हुए हैं, जबकि 33 ग्राम सचिव मेरिट से बाहर हो चुके है. इसके अतिरिक्त, 211 ग्राम सचिवों का पद बदल चुका है. जो उम्मीदवार मेरिट लिस्ट से बाहर हुए हैं, उन्हें भी राहत दी गई है. संशोधित रिजल्ट के चलते मेरिट लिस्ट से बाहर हुए युवाओं को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है.
वरिष्ठता और अन्य सभी लाभ
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का आदेश बिल्कुल स्पष्ट है कि इन कर्मचारियों को सरकार अनुबंध आधार पर नियुक्ति देगी. भविष्य मेंजब भी नियमित पद उपलब्ध होंगे, तब उन्हें उस पद पर नियमानुसार नियुक्ति मिलेगी. हाई कोर्ट के अनुसार, यह उम्मीदवार कठिन चयन प्रक्रिया से गुजरे थे और उन्हें उस प्रक्रिया के अनुसार नियुक्त किया गया था, जो विज्ञापन में निर्धारित की गई थी. ऐसे में इन कर्मचारियों को इसकी सजा नहीं मिलनी चाहिए. जो युवा नई मेरिट के आधार पर ऊपर आए हैं, उन्हें नियुक्ति के साथ चयन की तारीख से वरिष्ठता और अन्य सभी लाभ दिए जायेंगे.
