चंडीगढ़ | हरियाणा के सभी स्कूलों में फिलहाल ग्रीष्मकालीन अवकाश चल रहा है. ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद भी सभी सरकारी स्कूल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) पर खुले रहेंगे. इस दिन सभी स्कूलों में सुबह 6.30 से 7.45 बजे तक ‘योग संगम’ का आयोजन किया जाएगा. इसमें छात्र- छात्राओं के साथ ही शिक्षक, अभिभावक और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य सामूहिक योगाभ्यास में हिस्सा लेंगे.
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर राज्य के स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” की थीम पर आधारित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के आयोजन को लेकर दिशा- निर्देशित कर दिया है. इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अन्य गण्यमान्य लोगों को भी बुलाया जाएगा.
पोर्टल पर साझा करनी होगी रिपोर्ट
इस कार्यक्रम के बाद सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को 24 जून तक पोर्टल पर प्रतिभागियों की रिपोर्ट शेयर करनी होगी. योग की तैयारियों में लगी हरियाणा सरकार ने आयुष विभाग के महानिदेशक संजीव वर्मा को फिर से इसी पद पर नियुक्त कर दिया है. उनका ट्रांसफर कर दिया गया था, मगर अगले दिन ही संजीव वर्मा को खेल महानिदेशक व अंबाला के मंडलायुक्त के साथ- साथ आयुष विभाग के महानिदेशक का कार्यभार फिर से दे दिया गया है.
