चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने सूबे के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ा फैसला लिया है. स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि हमारी सरकार ने ‘चिरायु आयुष्मान भारत योजना’ के दायरे को बढ़ा दिया है. इस विस्तार से प्रदेश के सभी लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
5 लाख तक मुफ्त इलाज की मिलेगी सुविधा
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि अब 3 लाख से अधिक और 6 लाख रुपए तक सालाना आमदनी वाले वाले परिवार भी 5 लाख रुपए तक सालाना मुफ्त इलाज की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे. ऐसे परिवारों को 4 हजार रुपए वार्षिक अंशदान का भुगतान करना होगा. वहीं, 6 लाख रुपए से ज्यादा आमदनी वाले परिवार 5 हजार रुपए वार्षिक अंशदान के साथ इस योजना का लाभ उठा सकते हैं.
उन्होंने बताया कि परिवार पहचान पत्र (PPP) में सत्यापित इनकम के आधार पर 1.80 लाख रुपए से 3 लाख रुपए तक सालाना आमदनी वाले परिवार 1500 रुपए वार्षिक अंशदान देकर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं. यह योजना प्रति परिवार सालाना 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा कवर प्रदान करती है जिससे लाभार्थी प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों और सूचीबद्ध प्राइवेट अस्पतालों में कैशलैस इलाज प्राप्त करते हैं. योजना में आयु या परिवार के आकार की कोई सीमा नहीं है, जिससे परिवार के सभी सदस्य कवर होते हैं.
स्वस्थ हरियाणा का विजन होगा पूरा
आरती राव ने कहा कि यह फैसला न केवल सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है बल्कि सीएम नायब सैनी के स्वस्थ हरियाणा के विजन को भी साकार करने में फायदेमंद साबित हो रहा है. उन्होंने कहा कि इस योजना के विस्तार से नीतिगत दूरदर्शिता और प्रदेश की जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक बनेगा.
