नई दिल्ली | केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ी घोषणा कर दी है. उन्होंने बताया कि अब 3 हजार रुपए सालाना में वाहन चालकों को एनुअल Fastag पास (FASTag annual pass) की सुविधा मिलेगी और 15 अगस्त से इसकी शुरुआत होने जा रही है. उन्होंने बताया कि इससे देशभर के नेशनल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा पर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी और भुगतान करना भी आसान हो जाएगा.

किन वाहनों को मिलेगा पास
नितिन गडकरी ने जानकारी देते हुए बताया है कि अब देश में Fastag आधारित वार्षिक पास को शुरू किया जाएगा. इसके लिए लोगों को 3 हजार रुपए का भुगतान करना होगा. उन्होंने कहा है कि यह नीति 60 किलोमीटर के दायरे में स्थित टोल प्लाजा को लेकर लंबे समय से चली आ रहें कन्सर्न्स को अधोरेखित करेगी और एक ही सुलभ लेनदेन के माध्यम से टोल भुगतान को सहज बनायेगी.
उन्होंने बताया कि इस तरह के पास को गैर- व्यावसायिक निजी वाहनों के लिए जारी किया जाएगा, जिसमें कार, वैन, जीप शामिल हैं. इस तरह के पास का उपयोग किसी भी व्यवसायिक छोटे वाहन, ट्रक और बस के लिए नहीं किया जा सकेगा. यह वार्षिक पास 1 साल तक या 200 बार यात्रा करने तक चलेगा.
इस तरह बनवा सकेंगे पास
केंद्रीय सड़क मंत्री ने बताया कि नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय जल्द ही हाइवे ट्रैवल ऐप्लिकेशन और अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक अलग लिंक शुरू करेंगे. वहां से आप इस पास के लिए अप्लाई कर सकते हैं. यह पास नेशनल हाईवे के टोल प्लाजा के लिए वैलिड होगा, स्टेट हाइवे या लोकल टोल प्लाजा पर नहीं.