चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार में बिजली मंत्री अनिल विज ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक राहत भरा फैसला लिया है. उन्होंने बताया कि बिजली घरों में बिल भुगतान करने जाने वाले उपभोक्ताओं की सुविधा का विशेष ख्याल रखा जाएगा और इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं.
बिजली उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर
बिजली मंत्री अनिल विज ने बताया कि बिजली विभाग के कार्यालयों में बिल भरने जाने वाले उपभोक्ताओं के लिए बैठने की आरामदायक व्यवस्था, पीने का साफ पानी और साफ-सुथरे शौचालय आदि का इंतजाम करने के आदेश अधिकारियों को दिए गए हैं. उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में खासतौर पर पीने के ठंडे पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं.
पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि जब हम किसी दुकान पर सामान खरीदने जाते हैं तो दुकानदार उपभोक्ता को पंखे, एसी या कूलर के नीचे बैठाता है. चाय-पानी के लिए पूछता है. इसी तरह की व्यवस्था करने के लिए हमने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं. कोई उपभोक्ता बिजली बिल का भुगतान करने आए तो उसके लिए बैठने की आरामदायक व्यवस्था होनी चाहिए. पीने के ठंडे पानी की सुविधा होनी चाहिए. ऐसी सुविधाएं मिलने से लोगो का सरकार के प्रति विश्वास बढ़ेगा.
बिजली कट को लेकर दिखे गंभीर
वहीं, बिजली के लंबे-लंबे कट की शिकायतों पर गंभीरता दिखाते हुए अनिल विज ने सभी जिलों में तैनात अधीक्षण अभियंताओं को कहा कि वे प्रत्येक 12 घंटे का अपडेट रिकॉर्ड उनको रोजाना सुबह 11 बजे देंगे. एक घंटे से ज्यादा कट रहने के हालात में स्थिति को स्पष्ट करना जरूरी होगा.
