चंडीगढ़ | हरियाणा में आज से प्री मानसून सक्रिय हो जाएगा. आने वाले तीन दिनों तक राज्य भर में बरसात के आसार बने हुए हैं. इसे लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान मध्यम से तेज गति से बरसात हो सकती है. वहीं कुछ इलाकों में हल्की तो कुछ में मध्यम बरसात होने की संभावना जताई गई है.

मानसून की एंट्री 28 जून तक संभव
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हरियाणा में मानसून की एंट्री को केवल एक हफ्ता शेष है. ऐसा माना जा रहा है कि 28 जून के आसपास यह प्रदेश में दाखिल हो सकता है. इस बार मानसून की हवाएं अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों दिशाओं से आ रही हैं. इसलिए उम्मीद की जा रही है कि इस बार अच्छी बरसात होगी. जब दोनों दिशाओं से नमी वाली हवाएं आपस में टकराती हैं, तो सामान्यतः अच्छी बरसात होती है.
कुछ जगहों पर हल्की बारिश के आसार
संभावना है कि इस बार मानसून राजस्थान और उत्तर प्रदेश की तरफ से हरियाणा में प्रवेश करेगा. राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की हवाएं आपस में टकरा सकती हैं, जिससे अच्छी बरसात हो सकती है. विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि मानसून की गति इस बार तेज है और यह सामान्य समय से पहले भी प्रदेश में दाखिल हो सकता है. आमतौर पर यह 8 जुलाई के आसपास हरियाणा पहुंचता है.
13 जिलों में भारी बरसात की संभावना
मौसम विभाग द्वारा आज पंचकुला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत, सोनीपत, झज्जर, मेवात, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में 75 से 100% तक बरसात की संभावना जताई गई है. जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में 50 से 75% तक बारिश का अनुमान है. दूसरी ओर, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में 25 से 50% तक बरसात होने की संभावना जताई गई है. 22 और 23 जून को भी प्रदेश के कई शहरों में बारिश के आसार बने हुए हैं.