नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के बस स्टॉप्स को अब मॉडर्न बनाने की तैयारी की जा रही है. विदेशों की तर्ज पर इन्हें आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा. बेंगलुरु, नवी मुंबई, सिंगापुर, लंदन और चीन जैसे शहरों में बने बस क्यू शेल्टर के डिजाइन का विश्लेषण किया जा रहा है. मंगलवार को दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने इस विषय में जानकारी देते हुए कहा कि जल्द ही राजधानी में इंटरनेशनल स्टैंडर्ड के हिसाब से बस स्टॉप्स को डिजाइन किया जाएगा.
यात्रियों को मिलेगी रियल टाइम जानकारी
सरकार ने बताया कि नए बस स्टॉप का डिजाइन इस प्रकार से बनाया जाएगा जिससे यात्रियों को काफी लाभ मिलेगा. जो लोग फुटपाथ पर चल रहे होंगे, उन्हें भी किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी.
सोमवार को मंत्री पंकज सिंह ने इस विषय में अधिकारियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया, जिसमें बस क्यू शेल्टर की अवस्था सुधारने को लेकर मंत्रणा की गई. उन्होंने बताया कि इन बस स्टॉप्स में एलईडी लाइटिंग और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड लगेंगे ताकि यात्रियों को रूट और बस नंबर की समय- समय पर जानकारी मिलती रहे.
DTIDC बनाएगा मॉडर्न बस शेल्टर
पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाने के लिए राजधानी में डीटीआईआईडीसी एक खास योजना लेकर आई है. इसके तहत, जो बस स्टॉप पुराने या जर्जर हो चुके हैं, उनकी जगह शहरी और ग्रामीण एरिया में मॉडल बस क्यू शेल्टर का निर्माण किया जाएगा. मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में दिल्ली में कुल 4627 बस क्यू शेल्टर हैं, जिनमें से 2021 बस क्यू शेल्टर वर्तमान समय में यात्रियों को सेवाएं दे रहे हैं.
