चंडीगढ़ | हरियाणा में राशनकार्ड धारकों के लिए एक बेहद ही जरूरी खबर सामने आई है. प्रदेश सरकार ने राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने के उद्देश्य से सभी लाभार्थियों के लिए ई- केवाईसी अनिवार्य कर दी है. जिन परिवारों को सरकार की ओर से राशन दिया जाता है, उनके प्रत्येक सदस्य को 30 जून 2025 तक ई- केवाईसी पूरी करनी होगी. अन्यथा, जुलाई माह से उनको मिलने वाले राशन को लेकर परेशानी खड़ी हो सकती है.
ekyc करवाना बेहद जरूरी
इस बार खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने ई- केवाईसी प्रक्रिया को फेस स्कैनिंग आधारित बनाया है. अब उपभोक्ता अपने स्मार्टफोन से घर बैठे ही यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं. पहले यह सुविधा केवल राशन डिपो पर ही उपलब्ध थी, लेकिन अब मोबाइल ऐप के जरिए इसे सरल बना दिया गया है. हालांकि, डिपो के माध्यम से ई-केवाईसी की सुविधा अभी भी उपलब्ध रहेगी.
प्रदेश सरकार द्वारा ई- केवाईसी अभियान को सफल बनाने के लिए दो ऐप्लिकेशन बनाई गई है. इन ऐप्स की मदद से परिवार के प्रत्येक सदस्य की फेस स्कैनिंग मोबाइल से ही की जा सकती है. इससे डिपो पर लाइन लगाने या भीड़ का सामना करने की जरूरत नहीं होगी.
ऐसे करें ई- केवाईसी
जो भी परिवार सरकार से राशन प्राप्त करता है, उसे अपने सभी सदस्यों की ई- केवाईसी करानी आवश्यक है. इसके लिए लाभार्थी अपने स्मार्टफोन में Play Store से यह एप्लिकेशन आधार फेस आईडी जिसका लिंक https://play.google.com व दूसरा एप्लिकेशन जिसका नाम Mera eKYC है. उसका लिंक https://play.google.com/डाउनलोड कर फेस स्कैनिंग के माध्यम से 30 जून तक अपनी ई- केवाईसी पूरी कर सकते हैं. या फिर, पहले की तरह नजदीकी राशन डिपो जाकर पीओएस डिवाइस की सहायता से मोबाइल से ही ई- केवाईसी करवाना होगा.
सबसे ज्यादा प्रभावित होंगे BPL परिवार
यदि किसी लाभार्थी की ई- केवाईसी 30 जून तक पूरी नहीं होती, तो 1 जुलाई से उनको राशन मिलने में परेशानी आ जायेगी. वैसे सरकार के आदेश न मानने में सबसे अधिक परेशानी बीपीएल परिवारों को हो सकती है क्योंकि उन्हें प्रति व्यक्ति 5 किलोग्राम राशन दिया जाता है, जबकि एएवाई कार्डधारियों को कार्ड के आधार पर 35 किलोग्राम राशन मिलता है. अन्य वस्तुएं जैसे चीनी और तेल सभी को समान रूप से मिलती है.
ई- केवाईसी अनिवार्य है और अब यह प्रक्रिया बेहद सरल हो गई है. सभी लाभार्थी समय रहते यह कार्य पूरा करें, ताकि जुलाई से राशन वितरण में कोई बाधा न आए- विनीत जैन, डीएफएससी
