नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सफ़र करने वाले लोगों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. पिछले दिनों देवी योजना के तहत सड़कों पर उतारी गई नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए दिल्ली परिवहन विभाग (DTC) द्वारा रूट तय किए जा रहे हैं. इन बसों के लिए 12 नए रूट निर्धारित किए गए हैं जिससे दिल्ली के 50 से ज्यादा इलाकों के लोगों को सहुलियत पहुंचेगी. उन्हें यात्रा के अंतिम छोर तक बस की सुविधा का लाभ मिलेगा.
इन बसों के रूट को इस हिसाब से तैयार किया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को बस स्टैंड, मेट्रो स्टेशन, रेलवे स्टेशन, अस्पतालों व दफ्तरों तक सीधी पहुंच का लाभ मिल सके.
नरेला टर्मिनल से चलेगी इन रूटों की बसें
नरेला टर्मिनल से संचालित होने वाली 10 रूटों की बसें अब नरेला A- 9 टर्मिनल से चलेगी. DTC के एक अधिकारी ने बताया कि रूट नंबर 103, 120, 131, 135, 193, 701, 708, 882A, 948 और NCR रूट नरेला से बहादुरगढ़ तक चलने वाली बसें अब प्रतिदिन नरेला A- 9 टर्मिनल से चलेगी. 3 अन्य रूटों की बसें भी एक दिशा में इस टर्मिनल से होकर गुजरेगी.
इन इलाकों में सफर होगा आसान
देवी बसों का संचालन द्वारका सेक्टर- 11 मेट्रो स्टेशन से द्वारका सेक्टर- 21 मेट्रो स्टेशन तक, मधुबन चौक से रोहिणी सेक्टर- 22 के लखीराम पार्क, ढिचाऊं कला डिपो से पंडवाला कलां, द्वारका सेक्टर- 21 मेट्रो स्टेशन से पालम एक्सटेंशन, ढांसा स्टैंड मेट्रो स्टेशन से झाड़ौदा कलां बॉर्डर, कमरुद्दीन नगर से जीटीके बाईपास, कमरुद्दीन नगर से नजफगढ़ झाड़ौदा क्रॉसिंग, कमरुद्दीन नगर से राजधानी कॉलेज राजा गार्डन, कमरुद्दीन नगर से पंजाबी बाग टर्मिनल और कमरुद्दीन नगर से उत्तम नगर टर्मिनल तक संचालित होगी.
सीएम ने दिखाई थी हरी झंडी
बीते शुक्रवार को सीएम रेखा गुप्ता ने 105 नई नारंगी रंग की दिल्ली ईवी इंटर- कनेक्टर (देवी) इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाई थी. साथ ही नरेला में नवनिर्मित सेक्टर-9A डिपो का उद्घाटन किया था. इन बसों की खूबियों पर प्रकाश डालते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने बताया था कि ये नई इलेक्ट्रिक बसें एसी, पैनिक बटन, रियल टाइम मॉनिटरिंग जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है. इन बसों के संचालन से दिल्ली में पर्यावरण प्रदुषण कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही, लोगों को सुरक्षित और आरामदायक सफर का आनंद मिलेगा.
