नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के महरौली विधानसभा क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां राजोकरी इलाके की आबादी को करीब 11 साल बाद दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC) की बस की सुविधा उपलब्ध हुई है. अब स्थानीय लोगों और स्टूडेंट्स को दिल्ली के अलग- अलग इलाकों में आवाजाही के लिए ई- रिक्शा से बस पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यहां राजोकरी से द्वारका और महरौली तक नई इलेक्ट्रिक देवी बस के संचालन को हरी झंडी दिखा दी गई है. इसके संचालन से हजारों की आबादी का सफर आसान बनेगा.
2015 में बंद हो गई थी बस सेवा
साल 2015 में राजोकरी रूट पर DTC बसों के संचालन पर रोक लग गई थी. डीटीसी बसों के चालकों ने कहा था कि सड़कों की कम चौड़ाई व अतिक्रमण होने की वजह से लो फ्लोर बसों को मोड़ने में परेशानी झेलनी पड़ती है, जिसके बाद बसों के परिचालन पर ब्रेक लग गया था. हालांकि, दोबारा बसों के संचालन को लेकर स्थानीय निवासी संबंधित विभाग के अलावा जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाते आ रहे थे.
दिल्ली के अलग- अलग शिक्षण संस्थानों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में खासी परेशानी हो रही थी. इस परेशानी से निजात दिलाने को लेकर रजोकरी यूथ वेलफेयर सोसाइटी ने स्थानीय विधायक गजेंद्र सिंह यादव को पत्र लिखा था. विधायक ने इस मामले को सीएम रेखा गुप्ता और परिवहन मंत्री कपिल मिश्रा के समक्ष उठाया था, जिसके बाद इस रूट पर नई इलेक्ट्रिक देवी बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है.
द्वारका सेक्टर- 28 तक दौड़ेगी 3 बसें
इस रूट पर बसों का संचालन बंद होने पर स्थानीय लोगों को गुरुग्राम की बसों के सहारे रहना पड़ता था. इन बसों में सफर करने के लिए भी उन्हें ई- रिक्शा में 20 रुपए खर्च कर राजोकरी रेड लाइन तक जाना पड़ता था या फिर यहां तक पैदल आवागमन करना पड़ता था या फिर कापसहेड़ा मोड़ से बस मिलती थी. नौकरीपेशा लोगों को मजबूरी में आनलाइन कैब या बाईक बुक करनी पड़ती थी.
इस रूट पर डीटीसी बस सेवा फिर से शुरू होने पर रजोकरी गांव, राजोकरी पहाड़ी, बीएसएस कैंप, रामदेव डेरा सहित आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोगों को सहूलियत मिली है. फिलहाल, राजोकरी से द्वारका सेक्टर- 28 और राजोकरी से महरौली मार्ग पर 3- 3 नई इलेक्ट्रिक देवी बसों का संचालन शुरू किया गया है. वहीं, राजोकरी से धौला कुआं तक भी जल्द ही नई बस सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी.
