चंडीगढ़ | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की तरफ से कल देर रात ग्रुप डी उम्मीदवारों को बड़ी खुशखबरी दी गई है. आपको बता दें कि एचएसएससी द्वारा ग्रुप डी के 7596 पदों का परिणाम जारी कर दिया गया है. काफी लंबे वक्त से इस रिजल्ट की प्रतीक्षा की जा रही थी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से भी ग्रुप डी के 7596 पदों पर भर्ती का ऐलान काफी समय पहले कर दिया गया था.
अध्यक्ष ने पोस्ट साझा कर दी जानकारी
कल देर रात आयोग की तरफ से युवाओं को यह तोहफा दिया गया. हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष श्री हिम्मत सिंह की तरफ से भी पोस्ट साझा कर इस बारे में जानकारी दी गयी. रात 10 बजकर 10 मिनट पर के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस बारे में सूचना दी.
वेबसाइट पर चेक करें रिजल्ट
उन्होंने लिखा- मुझे यह बताते हुए अत्यंत खुशी हो रही है कि ग्रुप D के 7596 पदों का परिणाम आज आयोग द्वारा घोषित किया गया है. सभी चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. आपकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ने आपको यह सफलता दिलाई है. सभी अभ्यर्थी HSSC की वेबसाइट http://hssc.gov.in /result पर रिजल्ट चेक कर सकते है.
इस प्रकार रही कटऑफ
अगर कटऑफ की बात करें, तो सामान्य वर्ग की कटऑफ सबसे ज्यादा 74 रही. वहीं EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) और BC- B वर्ग की कटऑफ 73 रही. BC- A वर्ग के लिए कट-ऑफ 71.76 रही. OSC (अन्य सामाजिक श्रेणी) की कटऑफ 68.27 और DSC (वंचित सामाजिक श्रेणी) की कटऑफ 66.83 अंक पर रही. विशेष बात यह रही कि भर्ती इतिहास में पहली बार वंचित अनुसूचित जाति (DSC) वर्ग को रिजर्वेशन का लाभ मिला, जिससे इस समाज के लगभग 600 युवाओं का चयन संभव हो पाया.
